UP MLC Election Result 2022: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र की 27 सीटों के लिए हुए चुनाव के नतीजे आज आ रहे हैं। मतों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू हुई। फिलहाल आई जानकारी के अनुसार देवरिया-कुशीनगर सीट पर समाजवादी पार्टी को झटका लगा है। यहां से सपा प्रत्याशी डॉक्टर कफील खान हार गए हैं। उनको भाजपा के डॉक्टर रतनपाल सिंह ने हराया।
दूसरी ओर पीएम नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में MLC चुनाव में भाजपा को हार मिली है। यहां निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरीं बृजेश सिंह की पत्नी अन्नपूर्णा सिंह जीत गई हैं। उन्हें 2058 वोट मिले हैं। वहीं, उमेश यादव (सपा) को 171 मत मिले हैं। भाजपा के सुदामा पटेल 103 वोट के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए।
इसके अलावा आजमगढ़ में निर्दलीय उम्मीदवार विक्रांत सिंह रिशु ने जीत हासिल की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को हराया है। उन्होंने 2813 मतों से भाजपा प्रत्याशी अरुण कांत यादव को शिकस्त दी। निर्दल प्रत्याशी विक्रांत सिंह रिशु को मिले कुल 4075 मत मिले। वहीं, भाजपा प्रत्याशी अरुण कांत यादव को 1262 मत मिले।
गौरतलब है कि यूपी विधान परिषद की 36 सीटों के लिए चुनाव में नौ सीटों पर विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। बाकी 27 सीटों के लिए पिछले शनिवार को मतदान हुआ था, जिसमें करीब 98.11 प्रतिशत वोट पड़े थे।
सपा और भाजपा में सीधी टक्कर
उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा और मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के बीच सीधा मुकाबला है, क्योंकि कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी ने कोई उम्मीदवार नहीं उतारा है। हालांकि, कुछ निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव मैदान में कुल 95 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। भाजपा विधानसभा के बाद विधान परिषद में भी बहुमत हासिल करने की उम्मीद कर रही है। वर्तमान में 100 सदस्यीय सदन में भाजपा के 34 सदस्य हैं।
बता दें कि जिन निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतों की गिनती हो रही है, उनमें मुरादाबाद-बिजनौर, रामपुर-बरेली, पीलीभीत-शाहजहांपुर, सीतापुर, लखनऊ-उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, बाराबंकी, बहराइच, गोंडा, फैजाबाद, बस्ती-सिद्धार्थनगर, गोरखपुर-महाराजगंज, देवरिया, आजमगढ़-मऊ, बलिया, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, इलाहाबाद, झांसी-जालौन-ललितपुर, कानपुर-फतेहपुर, इटावा-फरुखाबाद, आगरा-फिरोजाबाद, मेरठ-गाजियाबाद और मुजफ्फरनगर-सहारनपुर शामिल हैं।
स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, खंड विकास परिषदों के अध्यक्ष एवं सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष और नगरीय निकायों के पार्षद मतदाता होते हैं। इसके अलावा विधायक और सांसद भी इस चुनाव में वोट डालते हैं।
(भाषा इनपुट)