UP BJP-SP Politics News: उत्तर प्रदेश में 10 विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं। भाजपा और सपा में नूरा कुश्ती तेज हो गई है। यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक-दूसरे पर हमला किया। प्रदेश की दस विधानसभा सीटों, कटेहरी (अंबेडकरनगर), करहल (मैनपुरी), मिल्कीपुर (अयोध्या), मीरापुर (मुजफ्फरनगर), गाजियाबाद, मझवां (मिर्जापुर), सीसामऊ (कानपुर नगर), खैर (अलीगढ़), फूलपुर (प्रयागराज) और कुंदरकी (मुरादाबाद) पर उपचुनाव होने हैं।
उत्तर प्रदेश में भाजपा नेता 10 विधानसभा सीटों पर आगामी उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए बैठक की। हाल के लोकसभा चुनाव में सत्तारूढ़ पार्टी की सीटों में भारी गिरावट के बाद राज्य में पहला चुनाव है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने लखनऊ आवास पर सुबह 11 बजे कैबिनेट मंत्रियों की बैठक बुलाई थी।
2022 के विधानसभा चुनावों में भारी बहुमत हासिल करने के बावजूद भाजपा ने यूपी की 80 लोकसभा सीटों में से सिर्फ 33 सीटें जीतीं। मुख्य प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी की 37 सीट पर कब्जा किया। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव के एक बयान पर बुधवार को पलटवर करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की देश और प्रदेश दोनों जगह मजबूत संगठन और सरकार है। यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा था, “भाजपा की कुर्सी की लड़ाई की गर्मी में, सूबे में शासन-प्रशासन ठंडे बस्ते में चला गया है।
तोड़फोड़ की राजनीति का जो काम भाजपा दूसरे दलों में करती थी, अब वही काम वह अपने दल के अंदर कर रही है इसलिए भाजपा अंदरूनी झगड़ों के दलदल में धंसती जा रही है। जनता के बारे में सोचनेवाला भाजपा में कोई नहीं है।''
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने यादव के बयान पर पलटवार करते हुए ‘एक्स’ पर कहा, “सपा बहादुर अखिलेश यादव जी,भाजपा की देश और प्रदेश दोनों जगह मजबूत संगठन और सरकार है,सपा का पीडीए धोखा है।” उन्होंने कहा, “प्रदेश में सपा के गुंडाराज की वापसी असंभव है, भाजपा 2027 विधानसभा चुनाव में 2017 दोहरायेगी। फिर एकबार डबल इंजन सरकार।”
आगामी विधानसभा उपचुनावों में लोकसभा चुनाव से भी बेहतर परिणाम मिलेंगे : अखिलेश
समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी को ‘आगामी विधानसभा उपचुनावों में लोकसभा चुनावों से भी बेहतर परिणाम मिलेंगे।’ अखिलेश यादव ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, "आगामी उपचुनावों में हमें लोकसभा से भी बेहतर परिणाम मिलेंगे।" प्रदेश में 10 विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने हैं।
हाल के लोकसभा चुनावों में सपा ने 37 सीटों पर जीत हासिल की, जो 2019 की तुलना में 32 सीट अधिक हैं। दूसरी ओर भाजपा सिर्फ 33 सीट पर सिमटकर रह गई, जो पिछले चुनाव से 29 सीट कम है। उप्र में कथित ‘भाजपा में अंदरूनी कलह’ की ओर इशारा करते हुए यादव ने कहा, “सत्ता की लड़ाई में जनता का नुक्सान हो रहा है।”
यादव ने जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष विजय बहादुर का भी समाजवादी पार्टी में शामिल होने पर स्वागत किया। यादव ने कहा, “संविधान बचाने के हमारे हालिया आह्वान में, वह (विजय बहादुर) और उनके दोस्त पीडीए की लड़ाई को मजबूत करने के लिए जमीनी स्तर पर हमारी मदद कर रहे हैं।”