मुंबई: बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर में आत्महत्या कर ली है। 34 वर्षीय अभिनेता ने साल 2013 में फिल्म काई पो चे से बॉलीवुड में डेब्यू किया था और आखिरी बार वह फिल्म छिछोरे में नजर आए थे, जो पिछले साल सितंबर में रिलीज हुई थी। इस खबर के बॉलीवुड जगत सहित पूरे देश में शोक का माहौल है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत पर गहरा दुख जताया है।
राजनाथ सिंह ने लिखा, 'हिंदी फ़िल्मों के युवा कलाकार सुशांत सिंह राजपूत की मृत्यु का समाचार स्तब्ध करने वाला है। उनकी अभिनय क्षमता, प्रतिभा और कौशल के लोग क़ायल था। उनका यूँ चले जाना पीड़ादायक है और यह फ़िल्मजगत के लिए एक बड़ा नुक़सान है।ईश्वर उनके परिवार एवं प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति दे।' वहीं, उद्धव ठाकरे ने लिखा,'सुशांत सिंह राजपूत के आकस्मिक निधन के बारे में सुनकर बेहद हैरान और दुख हुआ। भगवान उनके परिवार, प्रशंसकों और प्रियजनों को शक्ति दे।'
सुशांत सिंह राजपूत का आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट
उन्होंने लिखा, 'धुंधला अतीत आंखों के आंसू से गायब हो रहा है। पूरे न हुए सपने खुशियां और ला रहे हैं। वहीं एक जल्द बीतने वाली जिंदगी दोनों के बीच सौदेबाजी कर रही। #मां'
सुशांत सिंह ने इंस्टाग्राम पर आखिरी पोस्ट मदर्स डे के दिन डाला था, लेकिन उन्होंने 27 दिसंबर 2019 के बाद से फेसबुक और ट्विटर पर कोई पोस्ट नहीं डाला था।
सुशांत सिंह राजपूत का करियर
बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत ने बॉलीवुड में आने से पहले छोटे पर्द से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। सुशांत ने सबसे पहले 'किस देश में है मेरा दिल' नाम के सीरियल से डेब्यू किया था और एकता कपूर के सीरियर पवित्र रिश्ता से उन्हें पहचान मिली थी। इसके बाद सुशांत ने साल 2013 में फिल्म काइ पो चे से लीड एक्टर के तौर पर बॉलीवुड में डेब्यू किया था।इसके बाद वो शुद्ध देसी रोमांस में वाणी कपूर और परिणीति चोपड़ा के साथ दिखे थे।
हालांकि उन्होंने सबसे ज्यादा चर्चा भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी की लाइफ पर बनी फिल्म एमएस धोनी द अनटोल्ड स्टोरी से बटोरी थी। ये सुशांत के करियर की पहली फिल्म थी, जिसने सौ करोड़ का कलेक्शन किया था। सुशांत इसके अलावा फिल्म सोनचिड़िया और केदारनाथ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके थे। उनकी आखिरी फिल्म छिछोरे थी, जिसमें वह श्रद्धा कपूर के साथ नजर आए थे।