न्यूयॉर्क: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 100वीं कड़ी का यहां संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में सीधा प्रसारण किया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने ट्वीट कर कहा कि 'ऐतिहासिक क्षण के लिए तैयार हो जाइए। प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 100वीं कड़ी का संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के ‘ट्रस्टीशिप काउंसिल चैंबर’ में 30 अप्रैल को सीधा प्रसारण किया जाएगा।'
100वीं कड़ी का प्रसारण 30 अप्रैल को भारतीय समयानुसार पूर्वाह्न 11 बजे होगा
कुल 30 मिनट के इस कार्यक्रम की 100वीं कड़ी का प्रसारण 30 अप्रैल को भारतीय समयानुसार पूर्वाह्न 11 बजे होगा, जो न्यूयार्क में रविवार को देर रात डेढ़ बजे होगा। भारतीय मिशन ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व घटना होगी। भारत के स्थायी मिशन ने कहा, ‘‘ ‘मन की बात’ एक मासिक राष्ट्रीय परंपरा बन गया है, जो लाखों लोगों को भारत की विकास यात्रा में भाग लेने के लिए प्रेरित करता है।’’
मन की बात कार्यक्रम कई सामाजिक मुद्दों को संबोधित करता है। महिलाओं, युवाओं और किसानों जैसे समूहों और सामुदायिक कार्रवाई को प्रेरित किया है। 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा, मन की बात फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तू, फारसी, दारी और स्वाहिली सहित 11 विदेशी भाषाओं में प्रसारित की जाती है।
गुयाना, पनामा, कोलंबिया और डोमिनिक गणराज्य की आधिकारिक यात्रा पर गए विदेश मंत्री एस जयशंकर के भी समुदाय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। ‘मन की बात’ कार्यक्रम तीन अक्टूबर 2014 को शुरू हुआ था और यह हर महीने के आखिरी रविवार को प्रसारित होता है।
अध्ययनों से पता चला है कि 100 करोड़ से अधिक लोग कम से कम एक बार मन की बात से जुड़ चुके हैं। शोध रिपोर्ट में मन की बात, स्वच्छता और स्वच्छता, स्वास्थ्य, कल्याण, जल संरक्षण और स्थिरता से जुड़े पांच प्रमुख विषयों की पहचान की गई है।
झारखंड में 100वीं कड़ी को 9 हजार स्थानों पर सुनने की व्यवस्था की गई है
मन की बात के 100वें एपिसोड को यादगार बनाने के लिए बीजेपी ने बड़े पैमाने पर पहुंच बनाने की योजना बनाई है। सूत्रों ने कहा कि पार्टी लोगों के कार्यक्रम को सुनने के लिए देश के हर विधानसभा क्षेत्र में सुविधाएं आयोजित करने की योजना बनाई है। भाजपा की झारखंड इकाई ने ‘मन की बात’ की 100वीं कड़ी को 9 हजार स्थानों पर सुनने की व्यवस्था की है। इसके प्रसारण से एक दिन पहले पार्टी ने राज्य में दीपोत्सव मनाया।
वही उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश के बाद विद्यालयों, कॉलेजों, पॉलिटेक्निक, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों और ग्राम सभाओं में विशेष व्यवस्था की गई है ताकि लोग बड़ी संख्या में वहां एकत्र होकर "मन की बात" कार्यक्रम के 100वें एपिसोड को सुन सकें। अधिकारियों ने बताया कि राजभवन में कार्यक्रम के विशेष प्रसारण की भी व्यवस्था की गई है, जिसमें राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह मुख्य अतिथि होंगे।
हरियाणा में 9 लाख लोगों को आमंत्रित करने का लक्ष्य, जम्मू -कश्मीर में 5,500 बूथों पर मन की बात सुनने की व्यवस्था
हरियाणा भाजपा राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित करेगी, जबकि जम्मू-कश्मीर इकाई केंद्र शासित प्रदेश के लगभग 5,500 बूथों पर मन की बात सुनने की व्यवस्था की गई है। प्रदेश भाजपा प्रमुख ओ.पी. धनखड़ ने कहा कि हरियाणा भाजपा ने अपने कार्यक्रमों में 9 लाख लोगों को आमंत्रित करने का लक्ष्य रखा है।
संस्कृति मंत्रालय ने 13 स्थलों पर ‘प्रोजेक्शन मैपिंग’ और साउंड एंड लाइट शो करेगी
संस्कृति मंत्रालय ‘मन की बात’ की 100वीं कड़ी के मौके पर कई कार्यक्रमों की तैयारियां की है। इन कार्यक्रमों में ‘मन की बात’ के विषयों की कहानियों वाली कॉमिक पुस्तकों का विमोचन और संरक्षित स्मारकों पर ‘‘प्रोजेक्शन मैपिंग’’ भी शामिल हैं। मंत्रालय रविवार शाम 13 स्थलों- नयी दिल्ली में लाल किला और प्रधानमंत्री संग्रहालय, ओडिशा में सूर्य मंदिर, हैदराबाद में गोलकुंडा किला, तमिलनाडु में वेल्लोर का किला, मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया, झारखंड में नवरतनगढ़ किला, जम्मू और कश्मीर के उधमपुर में रामनगर किला, असम में एक किला, लखनऊ में रेजीडेंसी और गुजरात के मोढेरा के सूर्य मंदिर और राजस्थान में चित्तौड़गढ़ किला में ‘प्रोजेक्शन मैपिंग’ और साउंड एंड लाइट शो करेगी।
भाषा इनपुट के साथ