पीएम मोदी ने कांग्रेस पर लगाया मां की गाली देने का आरोप, कहा- मुझसे मुकाबला करने की हिम्मत नहीं
By आदित्य द्विवेदी | Published: November 24, 2018 01:41 PM2018-11-24T13:41:39+5:302018-11-24T13:41:39+5:30
PM Narendra Modi in Chattarpur, MP: मध्य प्रदेश चुनावः छतरपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान की तारीफ के कसीदे पढ़े।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पार्टी पर ओछी राजनीति करते हुए मां की गाली देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस पार्टी की मोदी से मुकाबला करने की हिम्मत नहीं रही तो अब कांग्रेस के लोग मोदी की मां को गाली दे रहें है। पिछले 18 साल से सीना तान के मैं कांग्रेस को हर एक मौके पर चुनौती देकर पराजित करते हुए आया हूं और आज कांग्रेस इस स्तर तक गिर गयी है कि वो मेरी मां को चुनाव में घसीट लायी है। बता दें कि वो मध्य प्रदेश चुनाव के मद्देनजर छतरपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। मध्य प्रदेश में 28 नवंबर को मतदान किया जाएगा। प्रचार में सिर्फ तीन दिन का समय शेष है इसलिए सभी राजनीतिक पार्टियां एड़ी-चोटी का जोर लगा रही हैं।
छतरपुर रैली में पीएम मोदी ने कही ये बड़ी बातेंः-
- मध्य प्रदेश की जनता राज्य में आए बदलाव की साक्षी है और ये बदलाव ना तो राजा लाए हैं, ना ही महाराजा लाए हैं ये बदलाव तो शिवराज लाए हैं।
- देश के सवा सौ करोड़ हमारे हाईकमान है, हमारी सरकार किसी मैडम के रिमोट कंट्रोल से चलने वाली सरकार नहीं है। हाथ में सोने की चम्मच लेकर पैदा हुए लोगों के दिमाग कंफ्यूज है और उनकी पार्टी फ्यूज है।
- कांग्रेस पार्टी की मोदी से मुकाबला करने की हिम्मत नहीं रही तो अब कांग्रेस के लोग मोदी की मां को गाली दे रहें है। पिछले 18 साल से सीना तान के मैं कांग्रेस को हर एक मौके पर चुनौती देकर पराजित करते हुए आया हूं और आज कांग्रेस इस स्तर तक गिर गयी है कि वो मेरी मां को चुनाव में घसीट लायी है।
- कांग्रेस पार्टी अगर सोच रही है कि मोदी की मां को गाली देने से उनकी जमानत बच जायेगी तो वो समझ लें कि मध्य प्रदेश की जनता कांग्रेस पार्टी को मुंहतोड़ जवाब देगी। कांग्रेस पार्टी जितनी गाली मामा शिवराज को देगी उतना ही जवाब मध्य प्रदेश के उनके भांजे और भांजी देने वाले हैं।
कांग्रेस की ओछी राजनीति, मोदी की मां को देते है गाली। #BJPWiningMPpic.twitter.com/Y17I33PHuC
— BJP (@BJP4India) November 24, 2018
- नोटों की हेराफेरी में जिन लोगों को जमानत पर घूमना पड़ रहा है वो आज तिलमिलाए घूम रहें है।
- अच्छा होता शिवराज जी को गाली देने से पहले कांग्रेस के नामदार ने अपने क्वात्रोची मामा को याद कर लिया होता जिसको आपके पापा ने बोफोर्स घोटाले में हिन्दुस्तान की सुरक्षा के लिए आवंटित धन को चुराने का परमिट दिया था।
- नामदार भोपाल गैस कांड में हजारों लोगों की मौत के गुनहगार अपने मामा एंडरसन को भी याद कर लेते जिनको आपके पापा ने स्पेशल विमान से रातों रात भारत से अमेरिका भेज दिया था।