उज्जैन: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक गोपालरावजी येवतीकर का निधन हो गया। येवतीकर के निधन की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल से सीधे उज्जैन पहुंचे और वहां संघ कार्यालय आराधना भवन में येवतीकर को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान संघ के विभिन्न प्रचारक और भाजपा के कई नेता उपस्थित रहे।
संघ प्रचारक गोपालरावजी येवतीकर पेशे से शिक्षक थे और वह साल 1960 में संघ से बतौर निष्ठावान कार्यकर्ता जुड़े और उसके बाद से ही लगातार संघ प्रचारक का दायित्व निभा रहे थे। इसके अलावा येवतीकर वनवासी कल्याण आश्रम, राष्ट्रीय सिख संगत जैसे अनुशांगिक संगठनों में विभिन्न पदों पर रहते हुए दायित्वों का निर्वहन करते रहे। येवतीकर ने संघ को न केवल मध्य प्रदेश बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के लिए काम किया। बुधवार की सुबह येवतीकर के निधन का समाचार सुनते ही न केवल संघ परिवार बल्कि अन्य कई संगठनों में भी शोक की लहर फैल गई।
येवतीकर का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिये संघ के देवासगेट स्थित कार्यालय आराधना भवन में रखा गया था। जहां से दोपहर 2 बजे उनकी अंतिम यात्रा शुरू हुई। वहीं आज प्रातः मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी स्वयं भोपाल से उज्जैन आये और सीधे संघ कार्यालय पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम चौहान ने येवतीकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भाई साहब का कल ही फोन आया था। आज उनका दुखद निधन हो गया। श्रद्धासुमन अर्पित करने आया हूं। मैंने उनका सानिध्य पाया,उनके साथ कार्य भी किया है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मेरे लिए अटल वाक्य होते थे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने येवतीकर के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित करके अपनी श्रद्धांजलि प्रस्तुत की। इस दुखद अवसर पर आईजी संतोष कुमार सिंह, डीआईजी अनिल कुशवाह, कलेक्टर आशीष सिंह, पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र कुमार शुक्ल व एडीएम संतोष टैगोर, पूर्व सांसद डॉक्टर चिंतामणि मालवीय के अन्य लोग भी मौजूद थे।