पटना: सारण लोकसभा सीट से राजद के द्वारा उम्मीदवार बनाए जाने के बाद लालू यादव की दूसरी बेटी रोहिणी आचार्य भी सियासत में अपनी पकड़ मजबूत बनाने में जुट गई हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार बिहार दौरे को लेकर वह निशाना साध रही हैं।
पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी के नवादा दौरे से पहले तंज कसा और एक्स हैंडल पर ट्वीट कर दस सवाल पूछे थे तो दूसरी ओर रोहिणी आचार्य ने भी पीएम मोदी के दौरे पर सवाल खड़ा किया है।
उन्होंने कहा कि वो आ रहे हैं तो आएं, इसमें हम क्या कर सकते हैं, उनके परिवार वाले जाएंगे। बेटा-बेटी दामाद जाएगा लोग, उनका इंतजार करेगा। देश के युवा दो करोड़ रोजगार का इंतजार कर रहे हैं, खाते में 15 लाख आने का जनता को बेसब्री से इंतजार है। जनता को उन्हें जवाब देना चाहिए जो वादा किया था उसका क्या हुआ?
रोहिणी ने कहा कि पिछले चुनाव में जो वादे उन्होंने जनता से किए थे वे आजतक पूरे नहीं हुए। सारण की जनता से वादा किए थे कि चीनी मिल लगाएंगे और उसी चीनी मिल में बनी चीनी से चाय पीने के लिए सारण आएंगे। सारण की जनता उनका बेसब्री से इंतजार कर रही है उनको इस बार बढ़िया से चाय पिलाएगी।
भाजपा उम्मीदवार राजीव प्रताप रूडी के यह कहने पर कि सारण में कोई टक्कर नहीं है, इस पर रोहिणी ने कहा कि कोई टक्कर नहीं है तो जाकर जनता के बीच घूमें न पता चल जाएगा। जनता के बीच जाना चाहिए, तभी उन्हें समझ आएगा कि वास्तविकता क्या है? सारण में किस प्रकार उनके खिलाफ जनाक्रोश है। जनता उनको बताएगी, उनका सब हवाई हवा में रह जाएगा।
लालू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने के सवाल पर रोहिणी ने कहा इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है। उल्लेखनीय है कि इस बार सारण में लालू यादव ने अपनी बेटी रोहिणी को चुनाव में उतारा है।