लोकसभा चुनाव 2019: मुंबई में कांग्रेस की उम्मीदवार उर्मिला मातोंडकर-प्रिया दत्त ने नामांकन पत्र दाखिल किया

By भाषा | Published: April 9, 2019 02:27 AM2019-04-09T02:27:51+5:302019-04-09T02:27:51+5:30

लोकसभा चुनाव 2019: चौथे चरण के लिये नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 11 अप्रैल है। मतदान 29 अप्रैल को होगा।

Lok Sabha Elections 2019: Congress candidate Urmila Matondkar-Priya Dutt in Mumbai filed nomination papers | लोकसभा चुनाव 2019: मुंबई में कांग्रेस की उम्मीदवार उर्मिला मातोंडकर-प्रिया दत्त ने नामांकन पत्र दाखिल किया

लोकसभा चुनाव 2019: मुंबई में कांग्रेस की उम्मीदवार उर्मिला मातोंडकर-प्रिया दत्त ने नामांकन पत्र दाखिल किया

महाराष्ट्र में लोकसभा चुनावों के चौथे चरण के लिये मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा, पार्टी उम्मीदवार उर्मिला मातोंडकर और प्रिया दत्त तथा शिवसेना के अरविंद सावंत ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। मुंबई उत्तर से चुनाव लड़ रहीं उर्मिला मोटरसाइकिल से अपना पर्चा दाखिल करने पहुंचीं। उनका मुकाबला भाजपा के गोपाल शेट्टी से है।

मुंबई उत्तर-मध्य सीट से चुनाव लड़ रहीं कांग्रेस की प्रिया दत्त अपने अभिनेता भाई संजय दत्त के साथ पर्चा दाखिल करने पहुंचीं। उनका मुकाबला भाजपा की पूनम महाजन से है। मुंबई कांग्रेस के पूर्व प्रमुख संजय निरुपम ने मुंबई उत्तर-पश्चिम सीट से अपना पर्चा दाखिल किया जहां उनका मुकाबला शिवसेना के गजानन कीर्तिकर से है। देवड़ा और सावंत मुंबई दक्षिण सीट से मैदान में हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान सावंत के साथ भाजपा नेता राज पुरोहित भी थे।

शिवसेना नेता राहुल शेवाले ने मुंबई दक्षिण-मध्य सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया जहां उनका मुकाबला कांग्रेस के एकनाथ गायकवाड से होगा। पर्चा दाखिल करने के दौरान शेवाले के साथ निर्वाचन कार्यालय में युवा सेना के प्रमुख आदित्य ठाकरे भी थे। चौथे चरण के लिये नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 11 अप्रैल है।

मतदान 29 अप्रैल को होगा। चौथे चरण में मुंबई समेत 17 निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव होंगे। शिवसेना के सांसद हेमंत गोडसे और भाजपा उम्मीदवार भारती पवार ने क्रमश: नासिक और डिंडोरी (आरक्षित) सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। राज्य में लोकसभा की 48 सीटों के लिये चार चरणों में 11 अप्रैल, 18 अप्रैल, 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को चुनाव होगा। 

Web Title: Lok Sabha Elections 2019: Congress candidate Urmila Matondkar-Priya Dutt in Mumbai filed nomination papers