नयी दिल्ली: आज प्रकाश पर्व है। आज के दिन गुरु नानक देव जी के जन्मदिन को देशभर में सिख समुदाय के द्वारा गुरु पर्व मनाया जाता है। गुरु नानक देव जी सिख समुदाय के संस्थापक और पहले गुरु हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री गुरु नानक देव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि निष्पक्ष, करूणामयी और समावेशी समाज का उनका दृष्टिकोण आज भी हमें प्रेरित करता है।
देश को संबोधन करते हुए पीएम मोदी ने कहा, मैं विश्व भर में सभी लोगों को सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई देता हूं। यह भी सुखद है कि डेढ़ साल के बाद करतारपुर कारिडोर फिर से खुल गया है। गुरु नानक जी ने कहा है कि संसार में सेवा में सेवा का मार्ग अपनाने से ही जीवन सफल होता है।
हमारी सरकार इसी सेवा भावना के साथ देशवासियों का जीवन आसान बनाने में जुटी है। न जानें कितनी पीढ़ियां, जिन सपनों को सच होते देखना चाहती थीं। भारत आज उन सपनों को पूरा करने का प्रयास कर रहा है।
इससे पहले उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘‘श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के विशेष अवसर पर मैं उनके पवित्र विचारों और नेक आदर्शों का स्मरण करता हूं। निष्पक्ष, करूणामयी और समावेशी समाज का उनका दृष्टिकोण हमें प्रेरित करता है। दूसरों की सेवा करने पर गुरु नानक जी का जोर भी हमें प्रेरणा देता है।’’गुरु नानक देव के जन्म के दिन को सिख समुदाय प्रकाश पर्व के तौर पर मनाता है। इस बार उनका 552वां प्रकाश पर्व मनाया जा रहा है।