लाइव न्यूज़ :

Chandigarh-Manali Highway: भीषण बारिश के बाद बाढ़ और भूस्खलन, चंडीगढ़-मनाली राजमार्ग अवरुद्ध, सैकड़ों यात्री फंसे, देखें वीडियो

By सतीश कुमार सिंह | Updated: June 26, 2023 19:12 IST

Chandigarh-Manali Highway: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के औट में भीषण बारिश से अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण चंडीगढ़-मनाली राजमार्ग अवरुद्ध होने से यहां सैकड़ों यात्री फंस गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

Open in App
ठळक मुद्देएक साइड से रास्ता खोलने में सफल हो पाए हैं। 70 किलोमीटर लंबा मंडी-पंडोह-कुल्लू मार्ग बुरी तरह से प्रभावित हुआ है।भारी बारिश के कारण कुल 301 मार्ग बंद हैं जबकि बिजली के 140 ट्रांसफार्मर खराब हैं।

Chandigarh-Manali Highway: देश के कई राज्य में मानसून आ गया है। कई जगह लगातार बारिश हो रही है। हिमाचल प्रदेश के मंडी में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ है। हिमाचल प्रदेश के मंडी में भूस्खलन के चलते बाधित मंडी-मनाली रोड को वाहनों के लिए फिर से खोल दिया गया है। बाढ़ और भूस्खलन के कारण चंडीगढ़-मनाली राजमार्ग अवरुद्ध होने से यहां सैकड़ों यात्री फंस गए हैं।

मौके पर मौजूद इंस्पेक्टर सकीनी कपूर ने कहा कि 20 घंटे की मेहनत के बाद हम एक साइड से रास्ता खोलने में सफल हो पाए हैं। कुछ देर में दूसरी तरफ से वाहनों के लिए रास्ता शुरू कर दिया जाएगा। लोगों से अपील है कि थोड़ा धैर्य रखें।

उन्होंने कहा कि 70 किलोमीटर लंबा मंडी-पंडोह-कुल्लू मार्ग बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। राज्य में भारी बारिश के कारण कुल 301 मार्ग बंद हैं जबकि बिजली के 140 ट्रांसफार्मर खराब हैं। भारी बारिश के कारण मंडी शहर से 40 किलोमीटर दूर औट के करीब खोतीनाला में पंडोह-कुल्लू मार्ग पर अचानक बाढ़ आ गई।

बाढ़ के कारण यात्री रविवार शाम से फंसे हुए हैं। मंडी प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि इसके अलावा भूस्खलन से बंद, कतौला से होता हुआ मंडी-कुल्लू वैकल्पिक मार्ग करीब 20 घंटे बाद खुला। छोटे वाहनों को अब इस रास्ते से निकाला जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि भूस्खलन से करीब छह मील तक मंडी-पंडोह मार्ग अवरुद्ध रहा।

मरम्मत का कार्य जारी है और मार्ग से बड़े पत्थरों को हटाने के लिए विस्फोटकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर का मार्ग करीब एक या दो घंटे में बहाल हो जाएगा। हालांकि, दोबारा से बारिश शुरु हो गयी है और जिले के अन्य स्थानों से भूस्खलन की खबरें आ रही हैं। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों को सलाह दी जाती है कि सड़क खुलने से पहले मंडी की ओर यात्रा ना करें।

चंडीगढ़ से आए एक पर्यटक मोहित ने कहा,''यह एक बुरे सपने जैसा अनुभव है। हम बीती शाम से फंसे हुए हैं और आसपास रुकने के लिए बहुत ज्यादा होटल और आदि नहीं हैं।'' उन्होंने कहा,''पुलिस और प्रशासन ने कई बिंदुओं पर यातायात को रोक दिया है लेकिन इसके बावजूद दोनों तरफ करीब दो किलोमीटर लंबा जाम है।''

मंडी से चंडीगढ़ की ओर लौट रहे एक यात्री प्रशांत ने कहा, ‘‘हम रविवार शाम से ही यहां फंसे हुए हैं। सड़क बंद होने से जाम लग गया है और औट एवं सिक्स माइल की सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में वाहन फंसे हुए हैं।’’ लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भारी बारिश के कारण 301 मार्ग अवरुद्ध हैं।

सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि इन मार्गों में से 180 मार्गों को सोमवार तक बहाल कर दिया जाएगा, मंगलवार तक 15 मार्ग खुल जाएंगे और मौसम के हालात को देखते हुए 30 जून तक सभी मार्गों के खुलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि मार्गों को बहाल करने के लिए करीब 390 जेसीबी और अन्य उपकरण तैनात किए गए हैं और विभाग एक नंबर जारी करेगा जिस पर लोग आज शाम तक सड़क से संबंधित मुद्दों की रिपोर्ट कर सकते हैं। राज्य में लगभग 30 सड़कों के हिस्से ऐसे हैं जहां लगातार भूस्खलन होता रहता है।

24 जून से शुरू हुए मानसून के मौसम के दौरान पीडब्ल्यूडी को करीब 27 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। रविवार को सोलन और हमीरपुर जिले में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ और शिमला, मंडी तथा कुल्लू में भारी बारिश से दो लोगों की मौत हो गई, फसलें नष्ट हो गई, घर तथा वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और मवेशी बह गए।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, हमीरपुर और शिमला जिलों में दो व्यक्ति डूब गए। बारिश से 11 घरों और कई वाहनों के साथ-साथ चार गौशालाओं को भी नुकसान पहुंचा है। राज्य के कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिले के विभिन्न हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई है। कांगड़ा के धर्मशाला में सबसे अधिक 106.6 मिलीमीटर बारिश हुई।

इसके बाद कतौला में 74.5 मिलीमीटर, गोहर में 67 मिलीमीटर, मंडी में 56.4 मिलीमीटर, पोंटा साहिब में 43 मिलीमीटर और पालमपुर में 32.2 मिलीमीटर बारिश हुई। स्थानीय मौसम विभाग ने 27 और 28 जून को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका के चलते अलर्ट जारी किया है।

(नपुट एजेंसी)

टॅग्स :मौसमहिमाचल प्रदेशमौसम रिपोर्टभारतीय मौसम विज्ञान विभाग
Open in App

संबंधित खबरें

भारतWeather Updates: पश्चिमी विक्षोभ के बावजूद जम्मू-कश्मीर में मार्च का महीना गुजरा सूखा, 34 फीसदी दर्ज हुई गिरावट

भारतHimachal Congress 2026: 12 नए उपाध्यक्ष और 27 महासचिवों की नियुक्ति?, 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए 18 माह कांग्रेस कार्यकारिणी, देखिए पूरी सूची

भारतJammu and Kashmir: मार्च के महीने में जम्मू-कश्मीर में 43% बारिश की कमी, लगातार 7वीं बार सर्दियों के मौसम में सूखे का असर

कारोबारHimachal Budget updates: दूध की कीमत में 10 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी, गाय दूध 61 और भैंस दूध 71 रुपये लीटर, देखिए मुख्य बातें

कारोबारकश्मीर मौसमः ताजा बारिश और बर्फ से राहत, गुलमर्ग और सोनमर्ग में बर्फबारी से पर्यटक खुश, ईद के दिन बाजार में रौनक?

भारत अधिक खबरें

भारतबारामती विधानसभा उपचुनावः सीएम फडणवीस की बात नहीं मानी?, कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के खिलाफ आकाश मोरे को चुनाव मैदान में उतारा

भारतUP की महिला ने रचा इतिहास! 14 दिनों में साइकिल से एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं

भारतLadki Bahin Yojana Row: महाराष्ट्र में 71 लाख महिलाएं अयोग्य घोषित, विपक्ष ने किया दावा, सरकार की जवाबदेही पर उठाए सवाल

भारतयूपी बोर्ड ने 2026-27 के लिए कक्षा 9 से 12 तक NCERT और अधिकृत पुस्तकें अनिवार्य कीं

भारतपाकिस्तान के रक्षामंत्री ख्वाजा आसिफ के कोलकाता पर हमले की धमकी वाले बयान पर सोशल मीडिया पर 'धुरंधर' अंदाज़ में आई प्रतिक्रिया