जबलपुर: बरगी बांध में हुए भीषण क्रूज हादसे के बाद जारी सर्च ऑपरेशन के दौरान शनिवार शाम करीब 6 बजे गोताखोरों ने एक और शव बरामद किया है। बताया जा रहा है कि यह शव चार वर्षीय बालक विराज सोनी पिता कृष्ण सोनी निवासी कोतवाली का है। इसके साथ ही हादसे में मृतकों की संख्या 11 हो गई है, जबकि 1 बच्चा समेत अभी भी तीन लोग लापता हैं।
प्रशासन और बचाव दल लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। शनिवार सुबह से ही चार लोगों की खोज के लिए अभियान शुरू किया गया था, लेकिन दोपहर बाद मौसम अचानक खराब हो गया। तेज आंधी और हवाओं के कारण डैम में ऊंची लहरें उठने लगीं, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन कई बार रोकना पड़ा।
मौसम बना बड़ी चुनौती
खराब मौसम के चलते बचाव कार्य प्रभावित हुआ है। तेज हवा और लहरों के कारण गोताखोरों को सर्चिंग में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन का कहना है कि जैसे ही मौसम सामान्य होगा, अभियान को और तेज किया जाएगा।
सेना और एनडीआरएफ की टीमें जुटीं
सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें बोट के जरिए लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। सर्चिंग का दायरा बढ़ा दिया गया है और मौके पर पुलिस-प्रशासन की टीम भी तैनात है। बरामद बच्चे के शव को अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
तेज हवा के कारण हुआ था हादसा
गौरतलब है कि गुरुवार शाम करीब 5 बजे मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग का क्रूज तेज आंधी के दौरान अनियंत्रित होकर डूब गया था। क्रूज में करीब 47 लोग सवार थे, जबकि टिकट केवल 29 यात्रियों के लिए जारी किए गए थे। हादसा किनारे से लगभग 300 मीटर दूर हुआ था ।