Assembly Bypoll Results 2024 LIVE UPDATES: देश में 543 सीट और आंध्र प्रदेश और ओडिशा विधानसभा चुनाव के साथ-साथ 12 राज्य के 25 विधानसभा सीट पर उपचुनाव रिजल्ट आ गया है। हिमाचल प्रदेश के 6, गुजरात के 5 और उत्तर प्रदेश के 4 सीट पर उपचुनाव हुआ था। इसके अलावा बिहार, हरियाणा, झारखंड, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, राजस्थान, कर्नाटक और तमिलनाडु में उपचुनाव हुआ था। इस उपचुनाव में भाजपा ने सबसे अधिक सीट पर कब्जा किया। 25 सीट में से 11 सीट पर कब्जा किया। गुजरात में 5 पर कब्जा किया। उत्तर प्रदेश और हिमाचल में 2-2 सीट पर बाजी मारी।
कांग्रेस ने 7, समाजवादी पार्टी ने 2, टीएमसी ने 2, सीपीआईएम, जेएमएम, भारत आदिवासी पार्टी ने एक-एक सीट पर कब्जा किया। कांग्रेस के छह विधायकों सुधीर शर्मा, रवि ठाकुर, राजिंदर राणा, इंदर दत्त लखनपाल, चैतन्य शर्मा और देविंदर कुमार भुट्टो को सदन में उपस्थित रहने और बजट के दौरान सरकार के पक्ष में मतदान करने के लिए जारी व्हिप के उल्लंघन के सिलसिले में अयोग्य घोषित किया था।
कांग्रेस नेता तरलोचन सिंह को हराकर करनाल विधानसभा उपचुनाव जीत लिया
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस नेता तरलोचन सिंह को हराकर करनाल विधानसभा उपचुनाव जीत लिया। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, सैनी ने 41,540 मतों के अंतर से जीत हासिल की। इससे पहले, करनाल सीट से भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) नेता मनोहर लाल खट्टर विधायक थे।
12 मार्च को खट्टर की जगह मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली
खट्टर ने 2019 के विधानसभा चुनाव में तरलोचन सिंह को 45,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया था। राज्य की 10 लोकसभा सीट के साथ-साथ करनाल विधानसभा सीट के लिए भी मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई थी। मुख्यमंत्री सैनी कुरुक्षेत्र से निवर्तमान सांसद और भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख हैं। उन्होंने 12 मार्च को खट्टर की जगह मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) उम्मीदवार कल्पना सोरेन ने गांडेय विधानसभा उपचुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिलीप कुमार वर्मा को 27,149 मतों से हरा दिया। सीट झामुमो विधायक सरफराज अहमद के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।
कांग्रेस के चार बागियों को उपचुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा
हिमाचल प्रदेश में छह विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने चार सीट पर जीत दर्ज की है। यह जानकारी निर्वाचन आयोग के आंकड़ों में दी गई। इस तरह पार्टी छोड़कर हाल में भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के चार बागियों को उपचुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा। चार विधानसभा क्षेत्रों में जीत के साथ सदन में कांग्रेस विधायकों की संख्या 38 हो गई है। सदन की प्रभावी संख्या 65 है।
परिणाम यह सुनिश्चित करता है कि राज्य में कांग्रेस सरकार को फिलहाल कोई तात्कालिक खतरा नहीं है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, कांग्रेस ने सुजानपुर, गगरेट, कुटलैहड़ और लाहौल एवं स्पीति विधानसभा सीट पर जीत हासिल की, जबकि भाजपा ने धर्मशाला और बड़सर से जीत हासिल की। राज्य सरकार की स्थिरता के वास्ते सत्तारूढ़ दल के लिए उपचुनाव जीतना महत्वपूर्ण था क्योंकि छह विधायकों की अयोग्यता के बाद 68 सदस्यीय सदन में इसका संख्याबल 34 रह गया था।
182 सदस्यीय गुजरात विधानसभा में भाजपा के विधायकों की संख्या बढ़कर 161
गुजरात विधानसभा की सभी पांच सीट पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को जीत हासिल की। पिछले महीने इन पांच सीट पर उपचुनाव हुए थे। इस जीत के साथ 182 सदस्यीय राज्य विधानसभा में भाजपा के विधायकों की संख्या बढ़कर 161 हो गई। पोरबंदर, मनावदर, खंभात, वाघोडिया और विजापुर विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस और निर्दलीय विधायकों के इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने के कारण उपचुनाव हुआ था। भाजपा ने सात मई को हुए उपचुनाव में सभी दलबदलुओं को उनकी संबंधित सीट से चुनाव मैदान में उतारा था।
पोरबंदर से अर्जुन मोढवाडिया ने 1.16 लाख से अधिक मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। उन्हें 1.33 लाख वोट मिले जबकि कांग्रेस के राजू ओडेदरा को सिर्फ 16,355 वोट मिले। भाजपा के सी जे चावड़ा ने कांग्रेस के दिनेश पटेल को 56 हजार से अधिक मतों से हराकर विजापुर विधानसभा सीट से जीत हासिल की।
चिराग पटेल और धर्मेंद्रसिंह वाघेला ने कांग्रेस के महेंद्रसिंह परमार और कानू गोहिल को क्रमशः 38 हजार और 82 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया
अरविंद लडानी ने कांग्रेस के अपने प्रतिद्वंद्वी हरिभाई कंसागरा को 31 हजार से अधिक मतों से हराकर मनावदर सीट बरकरार रखी। खंभात और वाघोडिया के उम्मीदवार चिराग पटेल और धर्मेंद्रसिंह वाघेला ने भी अपनी-अपनी सीटें बरकरार रखीं। चिराग पटेल और धर्मेंद्रसिंह वाघेला ने कांग्रेस के महेंद्रसिंह परमार और कानू गोहिल को क्रमशः 38 हजार और 82 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 156 सीट पर जीत हासिल की थी। उत्तर प्रदेश में विधानसभा की चार सीट पर हुए उपचुनावों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दो और समाजवादी पार्टी (सपा) ने भी दो सीट पर जीत हासिल की है। इन चुनावों में सपा को 2022 के परिणामों के मुकाबले एक सीट का फायदा हुआ है।
भाजपा के अरविंद कुमार सिंह ने सपा के अवधेश कुमार वर्मा को 16,795 मतों के अंतर से पराजित किया
निर्वाचन आयोग के मुताबिक, लखनऊ पूर्व से भाजपा के ओपी श्रीवास्तव अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के मुकेश कुमार से 53887 मतों के अंतर से चुनाव जीत गये। इस सीट पर ओपी श्रीवास्तव को 1,42,928 मत मिले वहीं चौहान को 89,061 मत हासिल हुए। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के आलोक कुशवाहा को 8323 मत प्राप्त हुए।
शाहजहांपुर जिले के ददरौल विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के अरविंद कुमार सिंह ने सपा के अवधेश कुमार वर्मा को 16,795 मतों के अंतर से पराजित किया। अरविंद सिंह को 1,05,972 मत मिले जबकि अवधेश वर्मा को 89,177 मत प्राप्त हुए। बसपा उम्मीदवार सर्वेश चंद्र मिश्रा को 20,742 मत प्राप्त हुए।
बलरामपुर जिले के गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र में सपा के राकेश कुमार यादव ने भाजपा के शैलेश कुमार सिंह 'शैलू' को 9437 मतों के अंतर से पराजित किया। राकेश कुमार को 87,120, शैलू को 77,683 और बसपा के फिदा बाबा को 16,983 मत प्राप्त हुए। सोनभद्र जिले के दुद्धी में सपा के विजय सिंह ने भाजपा के सरवन कुमार को 3208 मतों के अंतर से पराजित किया। उत्तर प्रदेश में 403 विधानसभा क्षेत्र हैं।