भोपाल: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक महिला द्वारा अवैध हथियार साफ करने का वीडियो सामने आने के बाद जब पुलिस ने छानबीन की तो चौंकाने वाला सच सामने आया। पता चला कि अवैध हथियार बनाने की एक पूरी फैक्ट्री ही संचालित हो रही थी। हरकत में आई मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध पिस्तौल फैक्ट्री पर कार्रवाई की।
क्या है मामला ( illegal pistol factory in the Morena, Madhya Pradesh)
टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार मामला मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के महुआ थाना क्षेत्र के गणेशपुरा गांव का है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए फुटेज में महिला को ब्रश से पिस्तौल साफ करते हुए दिखाया गया। यह वीडियो पुलिस तक भी पहुंचा। इसके बाद अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी। वीडियो की सत्यता की पुष्टि करने और संदिग्धों की पहचान करने के बाद पुलिस ने शुक्रवार, 9 अगस्त रात 8 बजे संदिग्ध फैक्ट्री पर छापा मारा।
यहां पुलिस के सामने चौंकाने वाला सच सामने आया। पूरी अवैध फैक्ट्री संचालित हो रही थी। पुलिस ने ऑपरेशन के दौरान वीडियो में दिखी महिला के पति शक्ति कपूर सखवार और उसके ससुर बिहारीलाल को गिरफ्तार कर लिया। ये दोनों हथियारों का जखीरा लेकर भागने की कोशिश कर रहे थे। छापेमारी के दौरान अर्धनिर्मित हथियार मिले। 315 बोर और 32 बोर की पिस्तौल बरामद हुई।
परिसर के आगे के निरीक्षण में हथियारों के अवैध उत्पादन के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री और मशीनरी का पता भी चला। शनिवार, 10 अगस्त को लगभग 1 बजे दोनों संदिग्धों की गिरफ्तारी हुई और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
दोनों आरोपियों को पुलिस ने अंबाह कोर्ट में पेश किया। बिहारीलाल सखवार को जेल भेज दिया गया, जबकि शक्ति कपूर को एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया। लिस ने अवैध हथियार वितरण नेटवर्क की पूरी जानकारी हासिल करने और किसी अन्य सहयोगी की पहचान करने के लिए कपूर से पूछताछ की। जांच जारी है।