Mumbai Atal Setu Suicide:मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (एमटीएचएल) से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। आम लोगों के लिए जनवरी माह में अटल सेतु (Atal Setu) को प्रयोग के लिए खोला गया। इस सेतु पर आत्महत्या की मंशा लिए एक 43 साल की महिला ने छलांग लगा दी। फिलहाल, महिला लापता है। सेतु पर यह पहली घटना है।
क्या कहते हैं अधिकारी
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, महिला मुंबई से टैक्सी में आई और शिवाजी नगर टोल प्लाजा से वापस लौटी। टैक्सी चालक के यातायात नियमों का पालन करने के प्रयासों के बावजूद, वह अटल सेतु पर वाहन रोकने पर अड़ी रही। पुलिस के मुताबिक, टैक्सी से बाहर निकलने के बाद उसने पुल से छलांग लगा दी। भोईवाड़ा पुलिस द्वारा सोमवार देर शाम न्हावा शेवा पुलिस से संपर्क करने के बाद ही उसकी पहचान की पुष्टि हुई। पुलिस ने बताया कि महिला कुछ समय से अवसाद से जूझ रही थी, जब वह घर नहीं लौटी तो उसके परिवार ने दोपहर में ही उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी।
क्या कहा परिजन ने
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस को महिला के पिता कांतिलाल शाह ने बताया कि घर पर सुसाइड नोट मिला है। इस सुसाइड नोट में उसने अटल सेतु पर जाने का जिक्र किया है। पुलिस ने परिजनों के बयान पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में सामने आया है कि वह दोपहर करीब 2 बजे घर से निकली और अटल सेतु से करीब सवा दो बजे छलांग लगा दी। पुलिस ने इस मामले में टैक्सी ड्राइवर का बयान भी दर्ज किया है। फिलहाल, महिला का शव अब तक नहीं मिला है।