भुवनेश्वरः ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में 11 वर्षीय लड़की के साथ बलात्कार करने के आरोप में उसके मकान मालिक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह घटना चार दिसंबर को उस समय घटी जब लड़की के माता-पिता घर पर नहीं थे। लड़की के पिता ने इस संबंध में बृहस्पतिवार को महिला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पिता ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी ने उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर उनकी नाबालिग बेटी के साथ बलात्कार किया। आरोपी ने लड़की को जान से मारने की धमकी भी दी। माता-पिता ने बच्ची को सदमे और दर्द की हालत में पाया, जिसके बाद उसे कैपिटल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ओडिशा राज्य महिला आयोग की सदस्य उर्मिला महापात्रा ने अस्पताल का दौरा किया और पीड़िता की मां से बात की। उर्मिला महापात्रा ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ पीड़िता की हालत अब स्थिर है। मैंने उसकी मां से बात की। यह उत्पीड़न घर के अंदर तब हुआ जब उसके माता-पिता घर से बाहर थे।
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि लड़की को न्याय मिले। ’’ राजधानी में हुई बलात्कार की इस घटना की निंदा करते हुए विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने एक बयान में कहा कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार शाम को अस्पताल में पीड़िता से मिलने जाएगा।