भारत क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट संघ (एमसीए) में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में पारी और 137 रन से मात देकर सीरीज 2-0 से कब्जा ली है। टीम इंडिया ने विशाखापट्टनम में खेले गए पहले मैच में 203 रन से जीत दर्ज की थी। श्रृंखला का तीसरा और आखिरी मुकाबला 19 अक्टूबर से रांची में खेला जाना है।
बता दें कि भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 5 विकेट के नुकसान पर 601 रन बनाकर घोषित कर दी थी। भारत की ओर से कप्तान विराट कोहली ने 254 रनों की नाबाद पारी खेली और टेस्ट करियर का 7वां दोहरा शतक जमाया।
इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की शुरुआत खराब रही। टीम को 53 रन के स्कोर तक 5 झटके लग चुके थे। इसके बाद क्विंटन डी कॉक (31) और फाफ डुप्लेसिस (64) के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई, जिसने टीम को संभाल दिया।
इसके बाद केशव महाराज और वर्नोन फिलेंडर (44) ने शतकीय साझेदारी कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने का काम किया। केशव महाराज ने 12 चौकों की मदद से 72 रन बनाए। टीम इंडिया की तरफ से रविचंद्रन अश्विन को 4, जबकि उमेश यादव को 3 सफलता हाथ लगी।
साउथ अफ्रीका पहली पारी में महज 275 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने पहली पारी के आधार पर 326 रन की लीड बना ली थी। चौथे दिन की शुरुआत में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को फॉलोऑन देने की घोषणा कर दी।
फॉलोऑन खेलने साउथ अफ्रीका जब दूसरी पारी में उतरी, तो दूसरी ही बॉल पर सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम (0) चलते बने। उनके बाद ब्र्यून (8) और कप्तान फाफ डु प्लेसिस भी कुछ खास नहीं कर सके।
आलम ये रहा कि साउथ अफ्रीका ने अपने 5 विकेट महज 79 रन पर ही गंवा दिए थे। हालांकि डीन एल्गर (48) और टेंबा बावुमा (38) ने कुछ हद तक टिककर खेला।
7 विकेट 129 रन पर गंवा देने के बाद साउथ अफ्रीका की ओर से वर्नोन फिलेंडर (37) और केशव महाराज (22) ने पहली पारी की ही तरह एक बार फिर साझेदारी बनाई। दोनों के बीच आठवें विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी हुई, जिसने साउथ अफ्रीका की हार को कुछ देर और टाल दिया। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा और उमेश यादव ने 3-3 शिकार किए। वहीं अश्विन को 2 सफलता हाथ लगी।
दोनों टीमें-भारत : विराट कोहली (कप्तान), मयंक अग्रवाल, रोहित शर्मा, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी और उमेश यादव।
दक्षिण अफ्रीका : फाफ डु प्लेसिस (कप्तान), एडेन मार्कराम, डीन एल्गर, थ्यूनिस डी ब्रुइन, टेम्बा बावुमा, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), सेनुरन मुथुसामी, वर्नोन फिलैंडर, केशव महाराज, कगिसो रबादा और एरिक नॉर्टजे।