हम आपको हैचबैक, सेडान, एमपीवी कैटेगरी में आने वाली टॉप 10 सेलिंग कारों के बारे में बताते रहते हैं। अब हम आपको बताने जा रहे हैं कॉम्पैक्ट एसयूवी कैटेगरी में आने वाली कारों के बारे में जो जनवरी 2020 महीने में बिक्री के मामले में टॉप 10 पर जगह बनाने में सफल रहीं। इस मामले में किया कंपनी की सेल्टॉस कार 15,000 यूनिट की बिक्री के साथ पहले नंबर पर रही।
सेल्टॉस ने पहला नंबर ह्युंडई की क्रेटा को पीछे छोड़कर बनाया और इस नई कार ने क्रेटा को काफी बड़े अंतर से पीछे छोड़ा। पिछले महीने यानी जनवरी में क्रेटा की सिर्फ 6,900 यूनिट कारें ही बिकीं। हाल ही में संपन्न हुए 2020 ऑटो एक्सपो में क्रेटा के सेकंड जेनरेशन से पर्दा उठाया गया। नई क्रेटा 17 मार्च को लॉन्च की जा सकती है।
नई क्रेटा में अंदर और बाहर दोनों तरफ से बदलाव देखने को मिलेंगे। इसके साथ ही इसमें कई नए फीचर्स भी देखने को मिलेंगे। क्योंकि कभी टॉप पर रही क्रेटा बाकी कंपनियों की लेटेस्ट कारों के मुकाबले काफी पिछड़ रही थी इसी को देखते हुए कंपनी ने इस कार के सेकंड जेनरेशन मॉडल को लॉन्च करने की योजना बनाई।
महिंद्रा स्कॉर्पियो की बिक्री भी शानदार रही। इस लिस्ट में चौथे नंबर पर रही एमजी की हेक्टर की 3,130 यूनिट बिक्री हुई। हालांकि महिंद्रा की XUV500 की बिक्री में जनवरी 2019 के मुकाबले 45 परसेंट की गिरावट देखने को मिली है। जबकि इस कार को कंपनी ने साल के अंत में ही काफी नया लुक दिया था।
नंबर | गाड़ी का नाम | बिक्री के आंकड़े (जनवरी 2020) |
1 | किया सेल्टॉस | 15,000 |
2 | ह्युंडई क्रेटा | 6,900 |
3 | महिंद्रा स्कॉर्पियो | 5,316 |
4 | एमजी हेक्टर | 3,130 |
5 | महिंद्रा एक्सयूवी500 | 1,455 |
6 | टाटा हैरियर | 719 |
7 | जीप कंपास | 701 |
8 | मारुति सुजुकी एस-क्रॉस | 558 |
9 | रेनॉ डस्टर | 405 |
10 | निसान किक्स | 172 |
बात करें टाटा हैरियर 2020 की तो कंपनी ने हाल ही में इसे BS6 कम्प्लायंट डीजल इंजन के साथ उतारा। इस कार में पहले से ज्यादा पावर के साथ ही ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन दिया गया है।