दुर्घटना कब घट जाए इसका कोई भरोसा नहीं। सड़क दुर्घटनाएं न हों तो प्राकृतिक दुर्घटना भी काफी भयंकर होती हैं। कहीं अचानक बाढ़ तो कहीं भूकंप। ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें भयानक लैंडस्लाइड हो गया। इस घटना का शिकार हो गया वहीं से गुजरने वाला बाइक सवार एक शख्स।
IFS ऑफिसर परवीन कासवान ने एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने लिखा है कि 'ये बाइकर लकी है। क्या आपको पता है कि ऐसे लैंडस्लाइड्स क्यों होते हैं। देखिए कैसे पेड़ों की लाइन आगे खत्म हो जाती है। पेड़ों का महत्व बताने और समझने के लिए ये वीडियो बेस्ट है।
उन्होंने अपने ट्वीट में बताया भी है कि यह वीडियो इंडोनेशिया से है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक बाइक सवार गुजर रहा होता है और अचानक से ऊपर से कुछ गिरता देख वह कट भी मारता है।
वीडियो में देखेंगे वह बाइक सवार शख्स अपनी बाइक को काफी ज्यादा किनारे की तरफ करता जाता है लेकिन अंत में लैंडस्लाइड की चपेट में वह आ ही जाता है। वीडियो में भी उस शख्स को मिट्टी के ढ़ेर के नीचे दबते हुए देख सकते हैं।
ऐसे में इस बात को समझना बहुत जरूरी है कि पेड़ों को काटना कितना खतरनाक है। कुछ लोग जो पेड़ों को काटे जाने के खिलाफ आवाज उठाते हैं शायद वो इनका महत्व समझते हैं। दरअसल पेड़ की जो जड़ें होती हैं वो इस मिट्टी के ढ़ेर को जकड़ कर रखती हैं। ऐसे में ये ढ़ेर इस तरह से गिरत नहीं हैं और बाढ़ और बरसात में मिट्टी भी ज्यादा नहीं कटती है।सोशल मीडिया में कुछ जगहों पर इस वीडियो को मेघालय का बताया जा रहा था। इसे मेघालय के किसी नेशनल हाइवे की घटना बता कर प्रचारित करने वालों को मेघालय पुलिस ने ट्वीट पर जवाब दिया और बताया कि यह वीडियो इंडोनेशिया का है।