गुजरात के सूरत जिले में पिता अपने बेटे की शादी से कुछ दिनों पहले उसकी सास को लेकर भाग गया है। इसकी वजह से युवक व युवती की होने वाली शादी टूट गई है। दोनों की शादी इसी साल फरवरी में होनी थीं। लेकिन, इससे पहले ही दुलहन की मां को लेकर दूल्हे का पिता फरार हो गया।
नवभारत टाइम्स की मानें तो दोनों लोग एक-दूसरे को काफी समय पहले से जानते थे। लोगों के बीच यह भी कहा जा रहा है कि दोनों जवानी के दिनों से ही एक दूसरे से प्यार करते थे।
मिल रही जानकारी के मुताबिक, सूरत के नवसारी क्षेत्र से दुलहन की मां कई दिनों से गायब थीं। जिसके बाद लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस में कराई। इसी बीच पता चला कि लड़के का पिता भी घर से गायब है। इसके बाद परिवार को लोगों ने बताया कि दोनों एक दूसरे को काफी समय से जानते थे। ऐसे में उम्मीद है कि दोनों ने प्यार में पड़कर इस तरह का काम किया है।
परिवार के लोगों के मुताबिक, फरवरी में होने वाली शादी के लिए दोनों ही परिवार तैयारियों में जुटे हुए थे। एक साल पहले ही रिश्ता तय किया गया था और इसके लिए युवक और युवती दोनों की सहमति भी थी। हालांकि बाद में माता-पिता की गुमशुदगी का मामला सामने आने पर परिवार ने उन दोनों की शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद से ही पूरे इलाके में लोग तरह-तरह की बात कर रहे हैं।