नई दिल्ली: संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने सोमवार को यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2021 के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए। श्रुति शर्मा ने घोषित अंतिम परिणाम में अखिल भारतीय रैंक 1 हासिल किया है। इस साल सभी शीर्ष तीन पदों पर लड़कियों ने कब्जा किया है। श्रुति शर्मा, अंकिता अग्रवाल और गामिनी सिंगला ने क्रमशः टॉप तीन रैंक हासिल की।
हालांकि, चौथे स्थान पर कब्जा जमाने वाले ऐश्वर्य वर्मा को भी लिस्ट सामने आने के बाद कई लोगों ने लड़की समझकर बधाई देनी शुरू कर दी। दरअसल, ऐश्वर्य अंग्रेजी में अपना नाम ऐश्वर्या लिखते हैं, जिससे लोगों को प्रतीत हुआ कि वो लड़की हैं। ऐसे में ट्विटर पर #AishwaryaVerma काफी तेजी से ट्रेंड होने लगा। जब रिजल्ट आया तो ऐश्वर्य नाम के कारण कई लोगों ने उन्हें महिला समझ लिया और पहले चार स्थान पर लड़कियों की बात कही जाने लगी। मगर बाद में यह स्थिति साफ हुई कि ऐश्वर्य लड़का है, लड़की नहीं। इसी क्रम में यूजर्स ने ट्विटर पर लगातार ट्वीट किए।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सफल उम्मीदवारों को बधाई देते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, "उन सभी को बधाई जिन्होंने सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा, 2021 को पास किया है। इन युवाओं को मेरी शुभकामनाएं जो भारत की विकास यात्रा के एक महत्वपूर्ण समय में अपने प्रशासनिक करियर की शुरुआत कर रहे हैं, जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं।"
बताते चलें कि यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा (UPSC CSE preliminary exam) का आयोजन 10 अक्टूबर 2021 को हुआ और परीक्षा के परिणाम 29 अक्टूबर को जारी किए गए थे। मुख्य परीक्षा 7 से 16 जनवरी, 2022 तक आयोजित की गई थी और परिणाम 17 मार्च, 2022 को घोषित किए गए थे। इंटरव्यू परीक्षा का अंतिम दौर था जो 5 अप्रैल से शुरू हुआ और 26 मई को संपन्न हुआ। बता दें कि 2020 में कुल 761 उम्मीदवारों ने UPSC CSE फाइनल परीक्षा पास की जिनमें से 545 पुरुष और 216 महिलाएं थीं। शुभम कुमार परीक्षा में प्रथम, जागृति अवस्थी द्वितीय व अंकिता जैन तीसरे स्थान पर रहीं।