Kharmas 2023: दिसंबर में इस दिन से शुरू हो रहा है खरमास, विवाह, मुंडन, गृह प्रवेश आदि मांगलिक कार्यों पर लगेगी रोक

By रुस्तम राणा | Published: December 2, 2023 05:48 PM2023-12-02T17:48:47+5:302023-12-02T18:01:36+5:30

Next

Kharmas 2023: दिसंबर माह में खरमास लगने जा रहा है और खरमास लगते ही एक माह तक समस्त प्रकार के मांगलिक कार्यों पर रोक लग जाएगी। इस एक महीने में विवाह, मुंडन, छेदन और गृह प्रवेश आदि मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं। इस साल खरमास 16 दिसंबर को लगेगा, जो अगले वर्ष 15 जनवरी 2024 को समाप्त होगा।

ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, सूर्य जब-जब बृहस्पति की राशियों धनु और मीन में प्रवेश करता है तब खरमास होता है क्योंकि सूर्य के कारण बृहस्पति निस्तेज हो जाते हैं। इसलिए खरमास में सभी शुभ कार्य नहीं किए जाते हैं, क्योंकि शुभ कार्यो के लिए बृहस्पति का साक्षी होना आवश्यक है।

खरमास के माह में सूर्योदय से पहले उठकर स्नान करें। इसके बाद सूर्य देव को जल चढ़ाएं और उनकी पूजा-अर्चना करें। इससे शुभ फल की प्राप्ति होती है। खरमास के माह में भगवान विष्णु और भगवान श्री कृष्ण की उपासना करने से विशेष फल की प्राप्ति होती है।

खरमास के माह में पवित्र नदी में स्नान करना बेहद शुभ माना जाता है। पवित्र नदी में स्नान करने से पापों और रोगों से मुक्ति मिलती है। खरमास में दान करने का विशेष महत्व है। गरीबों को दान देना चाहिए और साधु-संतों की सेवा करनी चाहिए। ऐसा करने से सौभाग्य आता है।

मान्यता है कि खरमास के महीने में मांस और मदिरा का सेवन नहीं करना चाहिए। इनका सेवन करने से जिंदगी में परेशानियां आने लगती हैं। खरमास के महीने में नया कार्य ना शुरू करें।