लाइव न्यूज़ :

एशियन गेम्स में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ भारत ने किया अपने अभियान का अंत, 14वें दिन दो गोल्ड समेत 4 मेडल

By भाषा | Published: September 01, 2018 9:06 PM

भारत ने इन खेलों में 15 स्वर्ण, 24 रजत और 30 कांस्य पदक सहित कुल 69 पदक जीते जो उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

Open in App

जकार्ता, 1 सितंबर: मुक्केबाज अमित पंघल और ब्रिज में पुरूष युगल जोड़ी के स्वर्ण पदकों के दम पर भारत ने एशियाई खेलों में अब के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ शनिवार को यहां अपने अभियान का शानदार अंत किया। भारतीय पुरूष हाकी टीम ने कांस्य पदक के मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीतकर ओलंपिक के लिये क्वालिफाई करने की टीस को कम किया जबकि महिला स्क्वैश टीम को फाइनल में हारने के कारण रजत पदक से संतोष करना पड़ा। 

भारत ने इन खेलों में 15 स्वर्ण, 24 रजत और 30 कांस्य पदक सहित कुल 69 पदक जीते जो उसका अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2010 में ग्वांग्झू खेलों में था जब उसने 14 स्वर्ण सहित 65 पदक जीते थे। 

आखिरी दिन जीते दो गोल्ड

भारत ने प्रतियोगिताओं के आखिरी दिन भी अपना स्वर्णिम अभियान जारी रखा। पहले अमित (49 किग्रा) ने मौजूदा ओलंपिक और एशियाई चैंपियन हसनब्वाय दुसमातोव को हराकर सोने का तमगा हासिल किया जबकि इसके बाद पहली बार इन खेलों में शामिल किये गये ब्रिज के पुरूष युगल स्पर्धा में प्रणब बर्धन और शिबनाथ सरकार ने स्वर्ण पदक जीता। 

सेना के 22 वर्षीय अमित एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले ओवरऑल आठवें भारतीय मुक्केबाज बने। उन्होंने फाइनल में पहुंचने वाले एकमात्र भारतीय मुक्केबाज थे। उन्होंने प्रबल दावेदार दुसमातोव को 3-2 से हराया। उन्होंने इस तरह से पिछले साल विश्व चैंपियनशिप में उज्बेकिस्तान के इस मुक्केबाज से मिली हार का बदला भी चुकता कर दिया। 

अमित ने बाद में कहा, 'मैं इससे पहले उससे हार गया था इसलिए मैंने बदला चुकता कर दिया। कोच सैंटियागो (नीवा) और अन्य कोच ने मुझे अच्छी तरह से तैयार किया था। सेमीफाइनल में मैं पहले राउंड में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया था लेकिन यहां मैंने कोई गलती नहीं की।'

ब्रिज से आया ऐतिहासिक गोल्ड मेडल

भारत को अप्रत्याशित स्वर्ण पदक ब्रिज खेल में मिला जिसमें पहला स्थान हासिल करके 60 वर्षीय प्रणब भारतीय दल में पदक जीतने वाले सबसे उम्रदराज व्यक्ति भी बन गये। उन्होंने और 56 वर्षीय शिबनाथ ने फाइनल्स में 384 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। 

इस भारतीय जोड़ी ने चीन के लिक्सिन यांग और गांग चेन (378 अंक) को पीछे छोड़कर सोने का तमगा हासिल किया। जाधवपुर विश्वविद्यालय में शिक्षक सरकार ने कहा, 'मैं कल रात सो नहीं पाया था और नाश्ते में मैंने केवल फल खाये। यह कड़ा था। तनाव से रक्तचाप भी बढ़ता है। हमने चीन और सिंगापुर को हराया। यह हमारे लिये बहुत अच्छा परिणाम है।' 

भारत की दो अन्य जोड़ियां हालांकि अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पायी। सुमित मुखर्जी और देबब्रत मजूमदार की जोड़ी 333 अंक लेकर नौवें जबकि सुभाष गुप्ता और सपन देसाई 306 अंक के साथ 12वें स्थान पर रहे।

पुरुष हॉकी में भारत ने पाकिस्तान को हराकर जीता ब्रॉन्ज

हॉकी में सेमीफाइनल में मलेशिया से हार के बाद आलोचनाएं झेल रही भारतीय पुरूष टीम ने पाकिस्तान पर 2-1 से जीत दर्ज करके सुनिश्चित किया कि वह खेलों से बैरंग स्वदेश नहीं लौटेगी। आकाशदीप सिंह ने मैच के तीसरे मिनट में ही गोलकर भारत का खाता खोला। हरमनप्रीत सिंह ने मैच के 50वें मिनट में गोल कर भारतीय बढ़त को दोगुना कर दिया। पाकिस्तान के लिए एकमात्र गोल मुहम्मद अतीक ने किया। 

स्क्वैश में भारतीय महिला टीम फाइनल में हांगकांग से हार गयी और इस तरह से उसे लगातार दूसरी बार रजत पदक से संतोष करना पड़ा। सुनयना कुरूविला और भारत की नंबर एक जोशना चिनप्पा अपने एकल मैच गंवा बैठी। भारत की यह हांगकांग के हाथों तीन दिन के अंदर दूसरी हार है। भारत के लिये रजत पदक जीतना भी उपलब्धि है। उसने सेमीफाइनल में मलेशिया को हराया था। भारतीय टीम ने चार साल पहले इंचियोन में भी रजत पदक जीता था। 

जूडो में भारत की मिश्रित टीम क्वार्टर फाइनल में कजाकिस्तान से 0-4 से हार गयी। भारतीय टीम में विजय कुमार यादव, हर्षदीप सिंह बरार, कल्पना देवी थौडम और गरिमा चौधरी शामिल थे। 

टॅग्स :एशियन गेम्समुक्केबाजीहॉकीभारत vs पाकिस्तान
Open in App

संबंधित खबरें

अन्य खेलAsian Under-22 & Youth Boxing: टूर्नामेंट में 43 पदक पक्के, अंडर-22 टीम ने किया धमाल, यहां देखें लिस्ट

अन्य खेलPakistan Amateur Boxing Federation: साथी खिलाड़ी के बैग से पैसे चुराकर पाकिस्तान मुक्केबाज जोहेब रशीद ने नाक कटवा दी, इटली में गायब, ऐसे हुआ खुलासा

अन्य खेल4 March History: 1951 में भारत ने किया कारनामा, पहले एशियाई खेलों के आयोजन, 15 स्वर्ण पदकों के साथ 51 पदक पर किया कब्जा

अन्य खेलबॉक्सिंग चैंपियन मैरी कॉम ने 'संन्यास' की खबरों का किया खंडन, कहा- "यह सच नहीं है"

क्रिकेटT20 World Cup : जिस मैदान में खेला जाएगा भारत-पाकिस्तान मैच वह अभी बनकर तैयार नहीं, मुकाबले के बाद टूट भी जाएगा स्टेडियम, शुरू हुई बहस

अन्य खेल अधिक खबरें

अन्य खेलWorld Para Athletics Championships 2024: जापान में तिरंगा लहराया, 55.07 सेकंड के साथ स्वर्ण, दीप्ति ने अमेरिका की क्लार्क का 55.12 सेकंड का विश्व रिकॉर्ड तोड़ा

अन्य खेलसात्विक और चिराग ने थाईलैंड ओपन खिताब जीता, कैरियर का नौवां बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर खिताब

अन्य खेलThailand Open 2024 Final: सात्विक-चिराग ने 2024 का दूसरा खिताब जीता, चीन के लियू यि और चेन बो यांग को हराया, करियर का नौवां बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर खिताब

अन्य खेल2027 Women World Cup: 119 वोट मिले, लो जी नोट कर लो डेट, इस देश में खेला जाएगा 2027 विश्व कप, बेल्जियम, नीदरलैंड और जर्मनी की संयुक्त दावेदारी को पीछे छोड़ा

अन्य खेलSunil Chhetri announces Indian team retirement: 2007, 2009, 2012 में नेहरू कप, 2011, 2015, 2021 में सैफ चैम्पियनशिप और 2008 एएफसी में रहे सूत्रधार, देखें 10 रिकॉर्ड