योगीराज 2.O: योगी के साथ 45 मंत्री ले सकते हैं शपथ, सजाए गए राजधानी के मंदिर, हजारों बनेगें ताजपोशी के गवाह
By अनिल शर्मा | Updated: March 25, 2022 09:24 IST2022-03-25T09:01:20+5:302022-03-25T09:24:07+5:30
गुरुवार भाजपा विधानमंडल के दल ने योगी को सर्वसम्मति से अपना नेता चुना। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद आदित्यनाथ विधायकों को संबोधित करते हुए भावुक भी हुए। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल आनंदीबने पटेल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया।

योगीराज 2.O: योगी के साथ 45 मंत्री ले सकते हैं शपथ, सजाए गए राजधानी के मंदिर, हजारों बनेगें ताजपोशी के गवाह
लखनऊः योगी आदित्यनाथ आज लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके साथ ही वे प्रदेश के ऐसे पहले सीएम बन जाएंगे जो पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा सत्ता संभालेंगे। शपथ के खास मौके पर राजधानी लखनऊ के 31 बड़े मंदिरों को सजाया गया है। शपथ समारोह के बाद इन जगहों पर प्रसाद का वितरण भी होगा।
गुरुवार भाजपा विधानमंडल के दल ने योगी को सर्वसम्मति से अपना नेता चुना। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद आदित्यनाथ विधायकों को संबोधित करते हुए भावुक भी हुए। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल आनंदीबने पटेल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया। आज उन्हें लखनऊ के अटल बिहारी बाजपेयी इकाना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में शपथ दिलाई जाएगी।
रिपोर्ट के मुताबिक योगी के साथ करीब 45 मंत्री शपथ ले सकते हैं। इनमें करीब 24 से अधिक कैबिनेट तो 10 से अधिक राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार शामिल हो सकते हैं। इसके साथ ही करीब 12 से अधिक राज्यमंत्री भी बनाए जा सकते हैं। वहीं दर्जनभर से अधिक नए चेहरे भी शामिल हो सकते हैं।
योगी के शपथ के लिए आयोजित भव्य समारोह में 50 हजार से ज्यादा लोगों के शामिल होने की खबर है। इसके साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी, अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित भाजपा शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में योगी आदित्यानथा आज अपराह्न 4 बजे शपथ लेंगे।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी और देश के 60 से अधिक प्रमुख उद्योगपतियों को भी आमंत्रित किया गया। वर्ष 2016 में पूरा हुए इस स्टेडियम ने 2019 और फरवरी 2022 के बीच पांच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की मेजबानी की है। स्टेडियम में 50,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता है। शुरुआत में इसे इकाना क्रिकेट स्टेडियम कहा जाता था, लेकिन योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा इसका नाम 2018 में पूर्व प्रधान मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा गया।