लाइव न्यूज़ :

भंडार कम हो गए तब प्रधानमंत्री ने टीके की खुले बाजार में बिक्री की अनुमति दी: ममता

By भाषा | Updated: April 20, 2021 21:10 IST

Open in App

भगवानगोला/सागरदिघी/फरक्का (पश्चिम बंगाल), 20 अप्रैल पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि विदेशों में खेप भेजने के कारण यहां भंडार कम हो जाने के बाद प्रधानमंत्री ने कोविड-19 टीके की खुले बाजार में बिक्री की अनुमति दी।

बनर्जी ने इस बात का संकेत दिया कि चुनाव कार्यक्रम भाजपा को मदद पहुंचाने की मंशा से तैयार किया गया । उन्होंने चुनाव के बाकी तीन चरणों को आपस में मिला देने के उनके प्रस्ताव को खारिज किये जाने पर अपनी नाखुशी व्यक्त की।

उन्होंने मुर्शिदाबाद के भगवानगोला में एक चुनावी जनसभा में कहा कि प्रधानमंत्री ने अपनी छवि चमकाने के लिए अन्य देशों को टीके का निर्यात किया जबकि महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान एवं पश्चिम बंगाल जैसे राज्य एवं केंद्रशासित प्रदेश कोविड महामारी का मुकाबला करने के लिए जरूरी खुराक प्राप्त करने के लिए संघर्ष करते रहे।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कल प्रधानमंत्री ने कहा कि दवा (टीका) खुले बाजार में उपलब्ध करायी जाएगी। खुला बाजार है कहां, उपलब्धता कहां है? आपने तो पहले ही इस दवा भंडार का बहुत बड़ा हिस्सा तो विदेशों में भेज दिया है।’’

केंद्र सरकार ने इस साल के प्रारंभ में पड़ोसी देशों समेत कई देशों को कोविड टीके की सौगात दी थी तथा ब्राजील एवं दक्षिण अफ्रीका समेत कई अन्य देशों में उसके निर्यात की अनुमति दी थी।

नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली राजग सरकार को ऐतिहासिक अक्षमता वाली सरकार करार देते हुए बनर्जी ने कहा, ‘‘त्रुटिपूर्ण योजना के चलते हम टीके की भारी कमी से जूझ रहे हैं। ’’

तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने कहा कि कोलकाता, उत्तरी 24 परगना और आसनसोल क्षेत्र से कोविड-19 के अधिक मामले सामने आ रहे हैं तथा राज्य सरकार सीमित भंडार से इस संकट का प्रबंधन करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘छह महीने तक केंद्रीय नेतृत्व ने योजना बनाने की जहमत ही नहीं उठायी, वे बंगाल में चुनावी संघर्ष की योजना बनाने में व्यस्त रहे।’’

भाजपा पर निशाना साधते हुए बनर्जी ने दावा किया कि पार्टी ‘‘चुनाव प्रचार में मदद के लिए बाहर से लाखों लोगों को राज्य में लेकर आयी और उनमें से कई कोविड से संक्रमित थे। ये लोग तो चले जायेंगे लेकिन उन्होंने वायरस को फैला दिया है और अब नये संकट को संभालने का जिम्मा हमपर है। बंगाल की कोविड स्थिति बिल्कुल नियंत्रण में थी लेकिन अब संक्रमण दर फिर बढ़ने लगी है। ’’

हालांकि, मुख्यमंत्री ने यह कहते हुए लोगों को नहीं घबराने की सलाह दी कि वह फिर उसे नियंत्रण में ले आएंगी। उन्होंने कहा कि उन्हें पता चला है कि उम्मीदवारों के निधन के चलते मुर्शिदाबाद में दो विधानसभा सीटों पर रद्द किये गये चुनाव 13 मई को कराये जा सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यदि ईद 13 मई को होती है तो निर्वाचन आयोग को मतदाताओं के त्योहार मनाने की जरूरत को ध्यान में रखकर मतदान की तारीख तय करनी चाहिए।’’

मुर्शिदाबाद एवं मालदा जिलों में गंगा नदी के अपरदन का जिक्र करते हुए तृणमूल सुप्रीमो ने कहा, ‘‘भारत-बांग्ला जल संधि की शर्तों के तहत बांग्लादेश को गंगा का पानी दिया गया लेकिन केंद्र ने फरक्का बैराज में जमे तलछट को नहीं हटवाया । इससे, जब बिहार में वर्षा होती है तब बिहार, मुर्शिदाबाद और मालदा में बाढ़ आती है। केंद्र सरकार को तत्काल फरक्का में गाद साफ करवानी चाहिए।’’

उन्होंने मतदाताओं से यह सुनिश्चित करने की अपील की कि बंगाल दंगाइयों के हाथों में न चला जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि रामनवमी पर दंगा फैलाने की साजिश है।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘कृपया, सावधान रहिए। हिंदुओं को मुसलमानों के विरूद्ध खड़ा करने की किसी कोशिश का शिकार न बनें।’’

उन्होंने लोगों से ‘‘वाम, कांग्रेस या संयुक्त मोर्चा के उम्मीदवारों को वोट नहीं देने की अपील की क्योंकि ये भाजपा के दूसरे चेहरे हैं। ’’

फरक्का में एक अन्य रैली में मुख्यमंत्री ने भाजपा पर बाकी तीन चरणों को आपस में मिला देने के उनके प्रस्ताव का विरोध करने का आरोप लगाया।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ कुछ उम्मीदवार संक्रमित हो गये, दो मर गये .... निर्वाचन आयोग मोदीबाबू की मदद करने के लिए चुनाव कार्यक्रम तय करता है। ’’

बनर्जी ने कहा, ‘‘यदि चुनाव होता है तो चुनाव प्रचार भी होगा। एक दिन के मतदान से संक्रमण का प्रसार रुकेगा और लोगों को मदद मिलेगी।’’

संयुक्त मोर्चा और भाजपा के बीच गुपचुप मिलीभगत के अपने दावे को स्पष्ट करते हुए तृणमूल सुप्रीमो ने कहा, ‘‘ यह कुछ नहीं बल्कि भाजपा के आशीर्वाद से एक अन्य मोर्चा है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतWest Asia Conflict: युद्धग्रस्त ईरान में फंसे 345 भारतीय, आर्मेनिया के रास्ते वतन लौटे; भारत की कूटनीतिक जीत

विश्वUS-Israel-Iran War: ट्रंप का दावा- "तेहरान हमले में ईरानी सैन्य नेता ढेर", IDF ने हिज्बुल्लाह और ईरान के 200 से ज्यादा ठिकानों को बनाया निशाना

भारतKotma Building Collapses: 4 मंजिला इमारत हुई जमींदोज, 2 लोगों की मलबे में दबकर मौत; कई अब भी फंसे

भारतगोदाम में भर रहे थे नाइट्रोजन गैस?, विस्फोट में 4 की मौत और 2 घायल

क्रिकेटसफलता के लिए कौशल से ज्यादा आत्मविश्वास की जरूरत, मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज दीपक चाहर ने कहा- समीर रिजवी ने कमाल की पारी खेली

भारत अधिक खबरें

भारतPAN Card Update: घर बैठे सुधारें पैन कार्ड में मोबाइल नंबर या नाम, बस 5 मिनट में होगा पूरा काम; देखें प्रोसेस

भारत'Three Allegations, Zero Truth': आम आदमी पार्टी द्वारा राज्यसभा की भूमिका से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा का जवाब

भारतMadhya Pradesh: अनूपपुर ज़िले में चार-मंज़िला होटल गिरने से मलबे में कई लोगों के फँसे होने की आशंका, एक की मौत

भारततमिलनाडु चुनावों के लिए BJP का टिकट न मिलने के बाद अन्नामलाई ने दिया अपना स्पष्टीकरण

भारतलखनऊ सहित यूपी के 17 शहरों में कूड़े का अंबार?, मतदान करने असम गए हजारों सफाईकर्मी, 12 अप्रैल को लौंटेगे?