लाइव न्यूज़ :

Uttarakhand Avalanche: चारों तरफ बर्फ के बीच मजदूरों को निकालने का काम शुरू, 4 मजदूर अब भी फंसे

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: March 2, 2025 12:24 IST

Uttarakhand Avalanche: उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर के जरिए हादसे में घायल लोगों को माणा से वापस लाने का कार्य शुरू हो गया है ।

Open in App

Uttarakhand Avalanche: उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ के पास माणा गांव में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के कैंप पर हुए हिमस्खलन में कई फीट बर्फ में अब भी फंसे चार मजदूरों को निकाले जाने के लिए तीसरे दिन रविवार को खोजी कुत्तों और हेलीकॉप्टरों की मदद से बचाव अभियान फिर शुरू कर दिया गया । चमोली के जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि मौसम साफ है और फंसे मजदूरों को निकाले जाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान सुबह से फिर शुरू हो गया है ।

उन्होंने बताया कि लापता मजदूरों की खोजबीन के लिए दिल्ली से जीपीआर सिस्टम भी आने वाला है। जिलाधिकारी ने कहा कि ‘ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार’ (जीपीआर) को मौके पर पहुंचाने के लिए सेना का एमआई 17 देहरादून में इंतजार कर रहा है । उन्होंने आशा व्यक्त की कि इससे तलाशी अभियान में तेजी आएगी और लापता लोग आज खोज लिए जाएंगे। करीब 3200 मीटर की उंचाई पर भारत—चीन सीमा पर स्थित आखिरी गांव माणा में शुक्रवार को हिमस्खलन होने से बीआरओ शिविर में आठ कंटेनरों में रह रहे सीमा सड़क संगठन के 54 मजूदर बर्फ में फंस गए थे।

मजदूरों की संख्या पहले 55 बतायी जा रही थी लेकिन एक मजदूर के हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा स्थित अपने घर सुरक्षित पहुंच जाने की सूचना मिलने के बाद यह संख्या 54 रह गयी है । इनमें से 50 को शनिवार तक बाहर निकाल लिया गया था जिनमें से चार की उपचार के दौरान मृत्यु हो गयी ।

तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) भी खोजी कुत्तों के साथ हिमस्खलन स्थल पर हैं और बचाव अभियान में सहयोग कर रही हैं । उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर के जरिए हादसे में घायल लोगों को माणा से वापस लाने का कार्य शुरू हो गया है । मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता और उत्तर भारत के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल डी.जी. मिश्रा भी बचाव अभियान की निगरानी करने के लिए हिमस्खलन स्थल पर पहुंच गए हैं।

तलाशी एवं बचाव अभियान में भारतीय सेना की एवियेशन कोर के तीन हेलीकॉप्टर, भारतीय वायु सेना के दो और सेना द्वारा किराए पर लिए गए एक सिविल हेलीकाप्टर सहित छह हेलीकाप्टर जुटे हुए हैं । चार लापता मजदूरों में हिमाचल प्रदेश के हरमेश चंद, उत्तर प्रदेश के अशोक और उत्तराखंड के अनिल कुमार और अरविंद सिंह शामिल हैं । सेना के अधिकारियों ने शनिवार को बचाव अभियान अधिकांश रूप से सेना और वायुसेना के हेलीकॉप्टरों की मदद से ही चलाया गया क्योंकि घटनास्थल तक पहुंचने का मार्ग कई स्थानों पर बर्फ से बाधित है ।

उन्होंने कहा कि अब प्राथमिकता यह है कि बर्फ से निकाले गए मजदूरों को ज्योर्तिमठ में सेना के अस्पताल तक पहुंचाया जाए और लापता लोगों को बाहर निकला जाए । लेफ्टिनेंट जनरल सेनगुप्ता ने कहा कि अगर मौसम अनुमति देगा तो लापता लोगों की तलाश के लिए रेको रडार, मानव रहित विमान (यूएवी), क्वाडकॉप्टर्स और हिमस्खलन बचाव में इस्तेमाल होने वाले कुत्तों को लगाया जाएगा।

उन्होंने कहा, “यह सब मौसम पर निर्भर करता है”। उन्होंने बताया कि आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, आईटीबीपी, बीआरओ, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना, भारतीय वायु सेना, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और अग्निशमन सेवा के 200 से अधिक लोग बचाव कार्य में लगे हुए हैं । 

टॅग्स :हिमस्खलनउत्तराखण्डएनडीआरएफ
Open in App

संबंधित खबरें

पूजा पाठभगवान हनुमान के अवतार माने जाते हैं बाबा नीम करोली?, कैंची में बनाया अपना धाम, हर साल जाते हैं करोड़ों लोग?

क्राइम अलर्टदेहरादून क्राइमः पुलिस हिरासत में पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी की मौत, रायपुर थाना प्रभारी समेत 3 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, SSP प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने दिए जांच आदेश

भारतChar Dham Yatra 2026: 19 अप्रैल से शुरू हो रही चार धाम यात्रा, सबसे पहले खुलेंगे यमुनात्री और गंगोत्री द्वार; पूरा शेड्यूल यहां

भारतउत्तराखंड सीएम धामी के मंत्रिमंडल में 5 नए मंत्री शामिल, देखिए किसे-किसे बनाया मंत्री

क्रिकेटनीले रंग की मखमली शेरवानी में कुलदीप और कढ़ाई से सजे लहंगे में बेहद खूबसूरत लगीं वंशिका चड्ढा?, शानदार एंट्री और डांस परफॉर्मेंस, वीडियो

भारत अधिक खबरें

भारतElection 2026: केरल में चुनावी हिंसा! शशि थरूर के काफिले पर हमला, गनमैन को भी पीटा, 5 धरे गए

भारतदेश के लिए समर्पित ‘एक भारतीय आत्मा’

भारतवाराणसी का रोम-रोम हुआ रोमांचित, दर्शकों ने देखा कैसा था सम्राट विक्रमादित्य का सुशासन, देखें Photos

भारतराष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टीः उत्तरार्द्ध में उत्तराधिकार के लिए संघर्ष

भारतदिल्ली और उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों में महसूस हुए भूकंप के झटके, अफगानिस्तान में आया भूकंप