UP Politics: राज्यसभा में जयंत चौधरी ने नहीं डाला था वोट, सीएम योगी से मिले रालोद विधायक, क्या सपा प्रमुख अखिलेश को झटका देंगे राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख!

By सतीश कुमार सिंह | Published: August 10, 2023 04:57 PM2023-08-10T16:57:09+5:302023-08-10T17:02:47+5:30

समाजवादी पार्टी (सपा) के सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रवक्ता अनिल दुबे ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर रालोद के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने की अफवाह फैलाने का आरोप लगाया है।

UP Politics rld chief Jayant Chaudhary cast his vote in Rajya Sabha RLD MLA meet CM Yogi Adityanath will Rashtriya Lok Dal chief shock SP chief Akhilesh Yadav | UP Politics: राज्यसभा में जयंत चौधरी ने नहीं डाला था वोट, सीएम योगी से मिले रालोद विधायक, क्या सपा प्रमुख अखिलेश को झटका देंगे राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख!

photo-ani

Highlightsरालोद विधायकों के एक प्रतिनिधिमण्डल ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी।रालोद के भाजपा के नेतृत्व वाले राजग में शामिल होने की अटकलें लगनी शुरू हो गयीं। रालोद के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे ने इसे भाजपा की साजिश करार दिया है।

नई दिल्ली/लखनऊः उत्तर प्रदेश की राजनीति में चर्चा तेज है। राज्यसभा में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) प्रमुख जयंत चौधरी ने वोट नहीं डाला था और संसद से गैरहाजिर रहे। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर चौधरी ने अभी पत्ते नहीं खोले हैं। 2022 विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ मिलकर लड़े थे। आज रालोद विधायकों ने सीएम योगी से मुलाकात की। 

समाजवादी पार्टी (सपा) के सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रवक्ता अनिल दुबे ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर रालोद के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने की अफवाह फैलाने का आरोप लगाया है। रालोद विधायकों के एक प्रतिनिधिमण्डल ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी।

इसके बाद रालोद के भाजपा के नेतृत्व वाले राजग में शामिल होने की अटकलें लगनी शुरू हो गयीं। रालोद के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे ने इसे भाजपा की साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘रालोद के विधायकों ने सूखा और बाढ़ से जूझ रहे किसानों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। इसे रालोद के राजग में शामिल होने की तैयारी के तौर पर पेश किया जा रहा है। यह बिल्कुल गलत है।’’

दुबे ने कहा कि भाजपा रालोद की लोकप्रियता से घबरायी हुई है, इसीलिये वह अनाप—शनाप प्रचार करवा रही है। रालोद ‘इंडिया’ गठबंधन के साथ है और उसी के साथ मिलकर वर्ष 2024 का चुनाव लड़ेगा। मुम्बई में होने वाली विपक्षी दलों की आगामी बैठक में रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी हिस्सा लेंगे। सपा के सहयोगी रालोद के राज्य विधानसभा में नौ विधायक हैं। इससे पहले भी रालोद के भाजपा से हाथ मिलाने की अटकलें लगायी गयी थीं, जिन्हें पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी ने नकार दिया था।

मैं मुंबई में होने वाली ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक का हिस्सा बनूंगा: जयंत चौधरी

राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह 31 अगस्त और एक सितंबर को मुंबई में होने वाली विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की बैठक में भाग लेंगे। चौधरी का यह बयान ऐसे समय आया है जब दिल्ली सेवा विधेयक पर राज्यसभा में वह शामिल नहीं हुए थे।

इसके बाद से उनके भविष्य के कदम के बारे में अटकलों का दौर शुरू हो गया। ‘इंडिया’ गठबंधन के सदस्यों ने विधेयक का एकजुट होकर विरोध किया था। चौधरी ने कहा, ''मैं निश्चित रूप से मुंबई में इंडिया की बैठक में भाग लूंगा।’’ विपक्षी दल की पिछली बैठक बेंगलुरु में हुई थी जिसमें चौधरी शामिल हुए थे।

Web Title: UP Politics rld chief Jayant Chaudhary cast his vote in Rajya Sabha RLD MLA meet CM Yogi Adityanath will Rashtriya Lok Dal chief shock SP chief Akhilesh Yadav

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे