UP deputy CM Keshav Maurya BJP: लोकसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में सबकुछ ठीक नहीं है। कई नेता और विधायक सवाल पर सवाल पूछ रहे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और योगी आदित्यनाथ सरकार में पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ ''मोती सिंह'' ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर सरकार की जमकर खिंचाई की है। इस बीच उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और केशव प्रसाद मौर्य ने सरकार पर पार्टी संगठन की प्रधानता पर जोर दिया। कहा कि कैडर हमेशा सरकार से अधिक महत्व रखेगा। केशव आज भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात करेंगे।
मौर्य ने कहा कि सभी मंत्रियों, विधायकों और जन प्रतिनिधियों को पार्टी कार्यकर्ताओं का सम्मान करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनकी गरिमा बरकरार रहे। मौर्य ने लोकसभा चुनावों में भाजपा को अपेक्षित परिणाम न मिलने पर चिंता जाहिर करते हुए कहा कि 2024 में कार्यकर्ताओं के प्रयासों के बावजूद नतीजे हमारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे।
मौर्य ने यह भी कहा कि संगठन सरकार से बड़ा था, बड़ा है और हमेशा बड़ा रहेगा और मैं उपमुख्यमंत्री बाद में हूं, पहले कार्यकर्ता हूं। मौर्य ने कहा, '' हम कार्यकर्ताओं ने 2014 में मोदी जी (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) की सरकार बनाने में योगदान दिया। वर्ष 2017 में प्रदेश में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार, 2019 में फिर मोदी जी की सरकार और 2022 में योगी जी (योगी आदित्यनाथ) के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनाने में अपना अमूल्य योगदान दिया। हालांकि वर्ष 2024 में हमारे प्रयासों के बावजूद परिणाम हमारी अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहे।''
मौर्य ने कहा, ''सपा और कांग्रेस ने झूठ और फरेब कर थोड़े समय के लिए हमें पीछे किया है, लेकिन 2027 में फिर से 300 पार के लक्ष्य के साथ प्रदेश में भाजपा सरकार बनायेंगे।'' उन्होंने कहा, ''भाजपा कार्यकर्ताओं का भाव हनुमानजी जैसा है। ये थोड़े समय के लिए सपा-कांग्रेस के झूठ और फरेब के कारण अपनी शक्ति को भूले हैं।
2027 में ये दोबारा अपने सामर्थ्य से विपक्षी गठजोड़ को पराजित करेंगे और साबित करेंगे कि भाजपा अपराजेय है।'' उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के समय हम यह नहीं सोच सकते थे कि केंद्र में भाजपा अकेले के दम पर सरकार बना सकती है, 2014 में कार्यकर्ताओं ने इस मिथक को तोड़ा, 2019 में प्रदेश में सपा-बसपा गठबंधन को पराजित कर मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनाई। मौर्य ने कहा, ''झूठ की मशीन बन चुके विपक्ष को जवाब देने का समय आ गया है।
वे हमारे मनोबल के आगे नहीं टिक सकते, 2024 में जो कमी रह गई है उसे 2027 में प्रचंड बहुमत की भाजपा सरकार बनाकर अपनी ताकत को साबित कर देंगे।'' उपमुख्यमंत्री ने कहा, ''मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि सभी कार्यकर्ताओं को सम्मान दें, उनके मान सम्मान का ध्यान रखें।'' उन्होंने कहा कि कार्यसमिति की बैठक से यह तय करके जाना है कि 2027 में सपा, बसपा और कांग्रेस एकजुट हो जायें तो भी हमें अपने सामर्थ्य के बल पर 300 पार के लक्ष्य को पार पाना है। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश भाजपा की उर्वरा भूमि है।
प्रदेश के असंख्य कार्यकर्ता अपने खून पसीने से सपा-बसपा और कांग्रेस की अत्याचारी सरकारों से लड़ाई लड़कर भाजपा को सत्ता में लाए हैं। उन्होंने कहा, “2014 के बाद से लगातार भाजपा ने उत्तर प्रदेश में प्रगति की है। वर्ष 2014 में मोदी जी के नेतृत्व में 325 सीटें जीतने के बाद वर्ष 2019 में भी सपा व बसपा का गठबंधन होने के बावजूद भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला।
वर्ष 2017 व 2022 में भी कार्यकर्ताओं के परिश्रम व जुझारूपन से दो तिहाई सीटों पर जीत के साथ प्रदेश में भाजपा सरकार बनी।” पाठक ने कहा, “वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा जहां पारदर्शिता के साथ काम कर रही थी, वहीं विपक्ष ने भ्रम फैलाया। उन्होंने झूठे वादे किए और हमें आशा के अनुरूप परिणाम नहीं मिले।” उन्होंने कहा कि झूठ और रेब की उम्र लंबी नहीं होती।
फरेबी विपक्ष के कारनामों के बारे में हमें घर- घर जाकर जानकारी देनी होगी। उन्होंने कहा कि 2027 में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनाने के लिए जीतोड़ मेहनत करनी पड़ेगी। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने संविधान की धज्जियां उड़ाईं और आपातकाल लगाकर देश को जेल में तब्दील कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर का भी अपमान किया।