यूपी में बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए चर्चा हुई तेज, रेस में सबसे आगे हैं ये 4 चेहरे
By भाषा | Updated: June 10, 2019 15:33 IST2019-06-10T15:03:26+5:302019-06-10T15:33:55+5:30
वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने संकेत दिया कि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, विधान परिषद सदस्य विद्यासागर सोनकर, लक्ष्मण आचार्य और सांसद महेश शर्मा में से किसी को यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है ।

image source- hindustan times
उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय के केन्द्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद अब सबकी निगाहें नये प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और 11 विधानसभा सीटों के उपचुनाव पर टिकी हैं।
प्रदेश में भाजपा ने 80 लोकसभा सीटों में से 62 पर विजय हासिल की। पाण्डेय की अगुवाई में पार्टी ने एकजुट विपक्ष विशेषकर सपा बसपा गठबंधन का मजबूती से मुकाबला किया और उनकी हर रणनीति को विफल किया।
भाजपा की सहयोगी पार्टी अपना दल (एस) ने दो सीटें जीतीं। कांग्रेस के हिस्से सिर्फ रायबरेली की ही सीट आयी।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कौन होगा, इसे लेकर कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है लेकिन कुछ वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने संकेत दिया कि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, विधान परिषद सदस्य विद्यासागर सोनकर, लक्ष्मण आचार्य और सांसद महेश शर्मा में से किसी को यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
महेश शर्मा की दावेदारी इसलिए भी ज्यादा मजबूत लगती है क्योंकि इस बार उन्हें कोई मंत्रालय नहीं दिया गया है। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में शर्मा ने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री का जिम्मा संभाला था।
महेश शर्मा गौतमबुद्ध नगर से दोबारा सांसद चुने गए हैं। ब्राह्मण होना भी इनकी दावेदारी के पक्ष में जा सकता है।