संजय राउत ने मुंबई में होने वाली विपक्ष की बैठक पर कहा, "हम तैयार हैं"
By आशीष कुमार पाण्डेय | Updated: August 30, 2023 13:12 IST2023-08-30T13:08:58+5:302023-08-30T13:12:15+5:30
शिवसेना (यूबीटी) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि गुरुवार से मुंबई में विपक्षी गठबंधन इंडिया की होने वाली दो दिन की बैठक के लिए सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।

फाइल फोटो
मुंबई: शिवसेना (यूबीटी) के नेता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि गुरुवार से मुंबई में विपक्षी गठबंधन इंडिया की होने वाली दो दिन की बैठक के लिए सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि बैठक में भाग लेने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बुधवार को मुंबई पहुंच रही हैं।
संजय राउत ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “पिछले एक महीने से हम मुंबई में इंडिया गठबंधन के बैठक की तैयारी कर रहे हैं। अब सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। विपक्षी दलों के कई नेता धीरे-धीरे मुंबई पहुंचना शुरू कर चुके हैं। आज बंगाल से ममता बनर्जी आ रही हैं।”
शिवसेना उद्धव गुट के वरिष्ठ नेता ने बैठक की तैयारियां पर कहा कि शिव सेना (यूबीटी) कांग्रेस और एनसीपी के साथ मिलकर इंडिया गठबंधन की होने वाली मीटिंग की मेजबान कर रहा है। शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और एनसीपी (शरद पवार गुट) पूरे उत्साह के साथ इस बैठक के लिए तैयार है। पूरे देश से विपक्षी दलों के प्रतिनिधि मुंबई पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जैसे ही 2024 के लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, दौड़ तेज होती जा रही है। विपक्ष के 26 दलों के शीर्ष नेता एक बार फिर तीसरी बैठक के लिए मुंबई में इकट्ठा बैठेंगे। उम्मीद है कि विपक्ष के 26 दलों में कुछ और क्षेत्रीय दल शामिल हो सकते हैं और विपक्षी गठबंधन को और विस्तार मिलने की संभावना है।
राज्यसभा सांसद संजय राउत ने महाराष्ट्र की सरकार के साथ-साथ केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों मिलकर मुंबई शहर को 'बेचने और लूटने' का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार मुंबई को बेचना और मुंबई को लूटना चाहती है। उन्होंने मुंबई को कमजोर कर दिया है। अगर महाराष्ट्र की सत्ता में बैठे लोगों को थोड़ा भी मराठी होने का गर्व है तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।”
राउत ने इसके साथ यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर चलने वाली महाराष्ट्र सरकार चुनाव हारने के डर से बीएमसी के चुनाव नहीं करा रही है। उन्होंने कहा, “इसका मतलब है कि आप महाराष्ट्र सरकार को अपना गुलाम बनाकर रखना चाहते हैं, आप बीएमसी और महाराष्ट्र सरकार को शक्ति नहीं देना चाहते हैं। ये सब जानबूझकर हो रहा है। आप चुनाव हारने के डर से चुनाव नहीं करा रहे हैं।"
संजय राउत ने आगे कहा, "मुंबई को केंद्र शासित प्रदेश बनाना और उसे कमजोर करना भाजपा का पुराना सपना रहा है, इसलिए उनकी ओर से नई बात रखी गई है कि नीति आयोग मुंबई का विकास करेगा। आप मुंबई को अलग करना चाहते हैं, इसलिए आपने एक कमजोर को मुख्यमंत्री बनाया है। यह मुंबई मराठी मानुस की है और रहेगी।”