नोटबंदी और जीएसटी पॉलिसी नहीं हथियार हैं, छोटे दुकानदार को बर्बाद कर दिया, राहुल गांधी ने कहा-हिंदुस्तान में रोजगार मुख्य मुद्दा

By सतीश कुमार सिंह | Published: November 14, 2022 09:04 PM2022-11-14T21:04:24+5:302022-11-14T21:05:38+5:30

कन्याकुमारी से सात सितंबर को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में यात्रा शुरू हुई थी। महाराष्ट्र में यात्रा का 8वां दिन है।

Rahul Gandhi attack pm narendra modi Demonetisation and GST policy not weapons small shopkeepers have been ruined Employment only issue in India | नोटबंदी और जीएसटी पॉलिसी नहीं हथियार हैं, छोटे दुकानदार को बर्बाद कर दिया, राहुल गांधी ने कहा-हिंदुस्तान में रोजगार मुख्य मुद्दा

छोटे व्यापारी, मजदूर, किसान एक ही चीज रोजगार के बारे में बात करते हैं।

Highlightsछोटे व्यापारी, मजदूर, किसान एक ही चीज रोजगार के बारे में बात करते हैं।भारत में तीन-चार अरबपति हैं। वे जो चाहे कर सकते हैं। हवाई अड्डा, बंदरगाह, सड़क, बुनियादी ढांचा, दूरसंचार या बैंकिंग हो।

हिंगोलीः महाराष्ट्र के हिंगोली में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला किया। गांधी ने कहा कि नोटबंदी और GST पॉलिसी नहीं हथियार हैं। ये छोटे दुकानदार को मारने के हथियार हैं। छोटे व्यापारी, मजदूर, किसान एक ही चीज रोजगार के बारे में बात करते हैं। हिंदुस्तान में ये एक ही मुद्दा है और कोई मुद्दा नहीं है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि उनके नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो’ यात्रा का संदेश यह है कि भारत को बांटा नहीं जा सकता और नफरत नहीं फैलाई जा सकती। कन्याकुमारी से सात सितंबर को गांधी के नेतृत्व में यह यात्रा शुरू हुई थी। महाराष्ट्र में यात्रा का 8वां दिन है।

गांधी ने कहा, ‘‘यह यात्रा श्रीनगर में समाप्त होगी और हम यह संदेश देंगे कि भारत को बांटा नहीं जा सकता और नफरत नहीं फैलाई जा सकती। यात्रा का यही उद्देश्य है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भारत में तीन-चार अरबपति हैं। वे जो चाहे कर सकते हैं। उन्हें जो भी व्यवसाय चाहिए, वे कर सकते हैं चाहे हवाई अड्डा, बंदरगाह, सड़क, बुनियादी ढांचा, दूरसंचार या बैंकिंग हो।’’

गांधी ने कहा, ‘‘लेकिन देश के युवा नौकरी चाहते हैं तो उन्हें यह नहीं मिलती।’’ गांधी ने उपस्थित लोगों से पूछा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने देश के लिए अपना खून-पसीना बहाने वालों और देश का पेट भरने वालों के लिए क्या किया। मीडियाकर्मियों की ओर देखते हुए, गांधी ने कहा, ‘‘वे हमारे दोस्त हैं लेकिन (हमारी) मदद करने में असमर्थ हैं। कोई और उन्हें नियंत्रित कर रहा है।

वे चाहकर भी बोल नहीं सकते हैं।’’ इससे पहले, गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ महाराष्ट्र में अपने छठे दिन शनिवार सुबह हिंगोली जिले के शेवला गांव से शुरू हुई। तमिलनाडु के कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई यह यात्रा सोमवार को 68वें दिन में प्रवेश कर गई।

अब तक यह छह राज्यों के 28 जिलों से होकर गुजरी है। लगभग 150 दिन की इस यात्रा के दौरान 3,570 किमी की दूरी तय की जाएगी। जम्मू कश्मीर में यात्रा समाप्त होने से पहले यह 12 राज्यों से होकर गुजरेगी। पदयात्रा के दौरान महाराष्ट्र के पांच जिलों में 382 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। यात्रा 20 नवंबर को मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से विचलित हुई भाजपा: गहलोत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' ने भाजपा को विचलित कर दिया है। गहलोत ने कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति करना आसान है, लेकिन सब वर्गों को साथ लेकर राजनीति करना चुनौतीपूर्ण है।

गहलोत ने यहां एक कार्यक्रम में देश के हालात पर चिंता जताते हुए कहा कि धर्म के नाम पर राजनीति करना सबसे आसान होता है, लेकिन सब वर्गों व सब जातियों को लेकर राजनीति करना चुनौती भरा होता है। केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इन लोगों ने देशवासियों को गुमराह कर रखा है, लेकिन अब लोग समझ गए हैं और लोगों ने गुजरात व हिमाचल प्रदेश में इसे महसूस किया होगा। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ये देशभक्ति के नाम पर पहले ऐसा माहौल बनाते थे, मानो यही राष्ट्रभक्त हैं, हम तो राष्ट्रभक्त हैं ही नहीं। उनकी पोल खुल गई।

अब नाम नहीं ले रहे राष्ट्रभक्ति का। राष्ट्र तक का नाम नहीं ले रहे और धर्म की राजनीति भी जनता धीरे-धीरे समझ गई है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि ये भाजपा वाले सारी संस्थाओं को ध्वस्त करने में लगे हैं, ये फासीवादी लोग हैं जिनका लोकतंत्र में यकीन नहीं है। गहलोत ने कहा,'‘सबसे दुख की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी क्यों नहीं समझ पा रहे हैं कि अगर आप इतिहास को कमजोर करेंगे और उसे तोड़ेंगे-मरोड़ेंगे, तो मानकर चलें कि आपके इतिहास से भी आने वाली पीढ़ियां वैसा ही व्यवहार करेंगी। आने वाली पीढ़ियां वही सीखती हैं जो उन्हें हम सिखाते हैं।'’

(इनपुट एजेंसी)

Web Title: Rahul Gandhi attack pm narendra modi Demonetisation and GST policy not weapons small shopkeepers have been ruined Employment only issue in India

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे