पंजाब के लुधियाना में कोरोना पॉजिटिव पाए गए एसीपी अनिल कोहली की मौत हो गई है। एसीपी कोहली कई दिनों से वेंटिलेटर पर थे। उन्हें 13 अप्रैल को कोविड-19 से संक्रमित पाया गया था। गौरतलब है कि पंजाब सरकार ने शुक्रवार को ही अधिकारी को प्लाज्मा चढ़ाने की अस्पताल को अनुमित दी थी।
ACP अनिल कोहली के कोरोना संक्रमित होने के बाद हिस्ट्री ट्रेस की जा रही है। थाना दरेसी, बस्ती जोधेवाल और सलेम टाबरी के एसएचओ समेत 24 पुलिस का कोरोना टेस्ट किया गया है। कई लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। इसके साथ ही एसीपी की पत्नी और बेटे के भी सैंपल लिए गए है।
इससे पहले लुधियाना के सिविल सर्जन राजेश बग्गा ने बताया कि राजस्व विभाग के अधिकारी गुरमेल सिंह की शुक्रवार को मौत हो गई थी। पंजाब में अभी तक कोरोना वायरस संक्रमण से 16 लोगों की मौत हो चुकी है।
भारत में कोरोना वायरस के मामले 14300 पार
वहीं देश में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़ कर 480 हो गई जबकि संक्रमण के मामले बढ़ कर 14,378 हो गए। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी देश में कोविड-19 से 11,906 लोग संक्रमित हैं जबकि 1,991 लोग उपचार के बाद ठीक हो गए हैं। उन्हें अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। एक व्यक्ति विदेश चला गया है। इन मामलों में 76 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
मृतकों की संख्या के मामले में महाराष्ट्र सबसे ऊपर
संक्रमण के कारण देश में हुई कुल 480 मौतों में महाराष्ट्र में सर्वाधिक 201 लोगों की मौत हुई। उसके बाद मध्य प्रदेश में 69, दिल्ली में 42, गुजरात में 48 पर और तेलंगाना में 18 लोगों की जान गई।
संक्रमण से तमिलनाडु में 15 मौतें हुई हैं जबकि आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश में 14-14 लोगों की मौत हुई है। कर्नाटक में 13 लोगों की, राजस्थान में 11 और पश्चिम बंगाल में 10 लोगों की मौत हुई है। जम्मू-कश्मीर में पांच लोगों की जान चली गई जबकि केरल और हरियाणा में तीन-तीन मौतें हुई हैं। झारखंड और बिहार में दो-दो मौतें हुई हैं। मेघालय, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा और असम में एक-एक व्यक्ति की मौत इस संक्रमण से हुई है।