कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए लगा लोगों का तांता

By भाषा | Published: August 22, 2021 10:53 AM2021-08-22T10:53:27+5:302021-08-22T10:53:27+5:30

People gathered for the last glimpse of Kalyan Singh | कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए लगा लोगों का तांता

कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन के लिए लगा लोगों का तांता

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नेताओं में शुमार किए जाने वाले कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन करने वालों का यहां रविवार को तांता लगा रहा। राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का शनिवार को रात सवा नौ बजे लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई में निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। वह पिछले काफी समय से बीमार थे। कल्याण सिंह की पार्थिव देह लखनऊ के मॉल एवेन्यू स्थित उनके आवास पर रखी गई है, जहां बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती समेत अनेक नेताओं ने पहुंच कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सिंह के अंतिम दर्शन के लिए रात से ही उनके आवास पर लोगों का तांता लगा रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के भी लखनऊ पहुंचने का कार्यक्रम है। सिंह की पार्थिव देह को अलीगढ़ ले जाया जाएगा और 23 सितंबर को नरोरा में उनका अंतिम संस्कार होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुये प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। उन्होंने 23 अगस्त को एक दिन के सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की हैं। सिंह का अंतिम संस्कार 23 अगस्त को नरौरा में गंगा तट पर किया जायेगा। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, राम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, राम विलास वेंदाती, विनय कटियार, कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी तथा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सिंह को पिछली चार जुलाई को कोरोना वायरस संक्रमण तथा कुछ अन्य शिकायतों के बाद एसजीपीजीआई के गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया था। उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था और शनिवार रात उनका निधन हो गया।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: People gathered for the last glimpse of Kalyan Singh

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे