लाइव न्यूज़ :

बिहार को विकास की नयी ऊंचाई पर ले जाने के लिए नीतीश सरकार की जरूरत: मोदी

By भाषा | Updated: November 5, 2020 20:49 IST

Open in App

नयी दिल्ली, पांच अक्टूबर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार को ‘‘अभाव से आकांक्षा’’ की ओर ले जाने को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की बहुत बड़ी उपलब्धि करार दिया और बृहस्पतिवार को कहा कि सामाजिक व आर्थिक संपन्नता के लिए बेहतर संसाधन के साथ कानून का राज अनिवार्य है जो राजग ही प्रदान कर सकता है।

बिहार विधानसभा चुनाव के लिये सात नवंबर को होने वाले तीसरे और आखिरी चरण के मतदान से पहले उन्होंने राज्य के मतदाताओं से अपील की कि इस दशक में ‘‘डबल इंजन’’ की ताकत से बिहार को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उन्हें बिहार में नीतीश की सरकार की जरूरत है।

मोदी ने तीसरे चरण का प्रचार समाप्त होने से ठीक पहले बिहारवासियों को लिखे खुले पत्र में कहा कि पिछले कुछ सालों में राज्य की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के बाद अब यह दशक बिहार की आकांक्षाओं की पूर्ति का है।

मोदी ने अपने पत्र में दावा किया कि बिहार के लोग जात-पात नहीं, विकास पर, झूठे वादों पर नहीं, पक्के इरादों पर, कुशासन पर नहीं, सुशासन पर, भ्रष्टाचार पर नहीं, ईमानदारी पर और अवसरवादिता पर नहीं आत्मनिर्भरता के विजन पर मतदान कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं बिहार के विकास को लेकर बहुत आश्वस्त हूं। बिहार के विकास में कोई कमी ना आए, विकास की योजनाएं अटके नहीं, भटके नहीं इसलिए मुझे बिहार में नीतीश जी की सरकार की जरूरत है। मुझे विश्वास है कि डबल इंजन की ताकत इस दशक में बिहार को विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाएगी।’’

मोदी ने कहा कि इस पत्र के माध्यम से वह बिहार के विकास के लिए राजग पर विश्वास और विश्वास बनाए रखने के लिए राजग के संकल्प के बारे में बात करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘युवा हों या बुजुर्ग, गरीब हों या किसान, हर वर्ग के लोग जिस प्रकार आशीर्वाद देने के लिए सामने आ रहे हैं, वह एक आधुनिक और नए बिहार की तस्वीर दिखाता है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’’ के मंत्र पर चलते हुए राजग की सरकार बिहार के गौरवशाली अतीत को फिर स्थापित करने के लिए कटिबद्ध है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह हम सब के लिए गर्व का विषय है कि बिहार चुनाव का पूरा फोकस विकास पर केंद्रित रहा। राजग की सरकार ने पिछले वर्षों में जो कार्य किए उसका हमने ना केवल रिपोर्ट कार्ड पेश किया, बल्कि जनता जनार्दन के सामने आगे का विजन भी रखा। लोगों को भरोसा है कि बिहार का विकास राजग सरकार ही कर सकती है।’’

उन्होंने कहा कि अव्यवस्था और अराजकता के वातावरण में नव निर्माण असंभव होता है। उन्होंने कहा, ‘‘वर्ष 2005 के बाद से बिहार में माहौल भी बदला और नव निर्माण की प्रक्रिया भी आरंभ हुई। बेहतर संसाधन और कानून का राज सामाजिक और आर्थिक संपन्नता के लिए अनिवार्य है। बिहार को यह दोनों राजग ही दे सकता है।’’

मोदी ने कहा कि राजग के लिए मानव जीवन की गरिमा सर्वोपरि है ओर वह हर नागरिक को देश की उन्नति और प्रगति में भागीदार मानता है जबकि पहले, देश के विकास में बनावटी बाधाएं खड़ी करके रखी गई थीं, जिसके चलते युवाओं, महिलाओं और किसानों के लिए अवसर कम होते गए।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन राजग के निरंतर प्रयासों से अब स्थिति बदल रही है। राजग ने बिहार में बिजली, पानी, सड़क, इलाज, शिक्षा, कानून व्यवस्था हर क्षेत्र में बहुत काम किया। मूल आवश्यकताओं की पूर्ति के बाद अब यह दशक बिहार की आकांक्षाओं की पूर्ति का है। राजग का प्रत्येक साथी इन आकांक्षाओं की पूर्ति के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करने के लिए तत्पर है। बिहार को अभाव से आकांक्षा की ओर ले जाना राजग सरकार की बहुत बड़ी उपलब्धि है।’’

केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इसकी वजह से बिहार की बहनों और बेटियों की अपेक्षाएं व आकांक्षाएं भी अब निरंतर बढ़ रही है और मुद्रा जैसी योजनाओं से उनमें नया आत्मविश्वास जागृत हुआ है।

उन्होंने कहा, ‘‘समाज में आत्मविश्वास तब और बढ़ता है जब जन्म से लेकर बुढ़ापे तक संपूर्ण सुरक्षा कवच मिले। बीते वर्षों में गर्भावस्था से लेकर बुढ़ापे में पेंशन ओर बीमा तक की सुरक्षा दी है। आज बिहार का गरीब से गरीब परिवार भी गंभीर बीमारी का इलाज देश में कहीं भी मुफ्त में करा पा रहा है।’’

उन्होंने कहा कि जल शक्ति को लेकर केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयास भी आज बिहार में लोगों को राजग की तरफ आकर्षित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजग हर घर जल के सपने को पूरा करने के लिए कृत संकल्प है और इससे करोड़ों लोगों विशेषकर महिलाओं के जीवन स्तर में बहुत बड़ा सुधार आएगा।

संपर्क से जुड़ी परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने को राजग की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क के साथ-साथ हवाई और जल मार्गों को भी बेहतर बनाने के लिए बिहार में लगातार काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि संपर्क जितना ज्यादा बढ़ेगा, उतना ही गरीब, किसान, नौजवान और मध्यम वर्ग की ‘‘इज ऑफ लिविंग’’ में भी सुधार आएगा।

उन्होंने कहा कि बिहार को आधुनिक बनाने में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का बड़ा योगदान होने वाला है। ‘‘आज बिहार प्रधानमंत्री ऊर्जा गंगा योजना का बड़ा हिस्सेदार है। बिहार गैस आधारित अर्थव्यवस्था का अंग भी बन रहा है। आज बिहार में सीएनजी आधारित ट्रैफिक व्यवस्था का नेटवर्क भी तैयार हो रहा है। गंगा जी पर बन रहे पहले इनलैंड वॉटरवेज से भी बिहार को बहुत लाभ होगा।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज बिहार में दुकान या फैक्ट्री चलाने वाले, इंजीनियर, डॉक्टर से लेकर रेहड़ी पटरी वाले तक हर कोई ‘‘भय-मुक्त’’ होकर अपना काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि आज जब यहां के लोग आत्मनिर्भर बिहार के संकल्प को पूरा करने में जुटे हैं तो उसके पीछे राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की बुनियाद है।

उन्होंने कहा, ‘‘मातृभाषा में शिक्षा के निर्णय का बिहार ने हृदय से स्वागत किया है। इससे प्रतिभाशाली युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खुलेंगे। बिहारवासी आज ‘स्वामित्व योजना’ का भी बहुत उम्मीद के साथ इंतजार कर रहे हैं। इन मजबूत कदमों से आम लोगों का सशक्तिकरण होगा और उन्हें गरिमा पूर्ण जीवन मिलेगा।’’

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले और दूसरे चरण के तहत अब तक 135 सीटों पर मतदान संपन्न हो चुका है जबकि तीसरे और अंतिम चरण के तहत शनिवार को 78 सीटों पर मतदान होगा हैं। मतों की गिनती 10 नवंबर को होगी।

बिहार चुनाव में राजग के तहत भाजपा, नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले जनता दल (यूनाईटेड), पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के नेतृत्व वाले हिन्दुस्तान अवाम मोर्चा (हम) और मुकेश सहनी के नेतृत्व में बनी विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) का गठबंधन है।

इसके मुकाबले तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और वामपंथी दलों का महागठबंधन है। कुछ अन्य दल भी चुनावी मैदान में ताल ठोंक रहे हैं।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटGT vs RR: तुषार देशपांडे ने आखिरी ओवर में 11 रन बचाकर राजस्थान रॉयल्स को दिलाई IPL 2026 की लगातार दूसरी जीत

भारत'Three Allegations, Zero Truth': आम आदमी पार्टी द्वारा राज्यसभा की भूमिका से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा का जवाब

क्रिकेटवैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल ने सहवाग-गंभीर के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए बनाया नया IPL रिकॉर्ड

क्रिकेटदिल्ली कैपिटल के समीर रिज़वी ने छीनी रोहित शर्मा से IPL 2026 की ऑरेंज कैप, एमआई के खिलाफ खेली 90 रनों की विनिंग पारी

भारतMadhya Pradesh: अनूपपुर ज़िले में चार-मंज़िला होटल गिरने से मलबे में कई लोगों के फँसे होने की आशंका, एक की मौत

भारत अधिक खबरें

भारततमिलनाडु चुनावों के लिए BJP का टिकट न मिलने के बाद अन्नामलाई ने दिया अपना स्पष्टीकरण

भारतलखनऊ सहित यूपी के 17 शहरों में कूड़े का अंबार?, मतदान करने असम गए हजारों सफाईकर्मी, 12 अप्रैल को लौंटेगे?

भारतबारामती विधानसभा सीटः सुनेत्रा पवार के खिलाफ प्रत्याशी ना उतारें?, सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा- निर्विरोध जिताएं, सभी दलों से की अपील

भारत'एकनाथ शिंदे और बलात्कार के आरोपी अशोक खरात के बीच 17 बार फोन पर बातचीत हुई', अंजलि दमानिया का आरोप

भारतमोथाबाड़ी में न्यायिक अधिकारी को किया अगवा और असली आरोपी फरार?, सीएम ममता बनर्जी ने कहा- निर्दोष लोगों को परेशान कर रही एनआईए