Lok Sabha Election Results 2024: केरल में पहली बार लोकसभा चुनाव में कमल खिलाने वाले भाजपा के नवनिर्वाचित सांसद सुरेश गोपी को मोदी 3.0 कैबिनेट में जगह दी गई है। उन्हें केंद्रीय राज्य मंत्री का प्रभार दिया गया है। उनके जरिए भाजपा आगामी रणनीति के तहत दक्षिणी राज्य में अपनी पैठ बनाने की दिशा में काम कर रही है। इससे पहले केरल में बीजेपी ने कभी कोई सीट नहीं जीती थी। गोपी ने राज्य की त्रिशूर लोकसभा सीट से 4,12,338 वोटों से जीत हासिल की और अपने प्रतिद्वंद्वी सीपीआई उम्मीदवार वीएस सुनील कुमार को 74,686 वोट से परास्त किया था। जिन्हें 3,37,652 मत प्राप्त हुए।
चुनाव में भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से मिला मजबूत समर्थन
अभिनेता से राजनेता बने सुरेश गोपी को भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व से मजबूत समर्थन मिला, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्रिशूर में रोड शो किया और यहां तक कि चुनाव से ठीक पहले गुरुवायुर श्री कृष्ण मंदिर में गोपी की बेटी के विवाह समारोह में भी भाग लिया। गोपी, जो पूर्व राज्यसभा सांसद हैं, पिछले कुछ सालों से निर्वाचन क्षेत्र में काफी सक्रिय रहे हैं। ईसाई वोट बैंक को लुभाने के लिए उन्होंने निर्वाचन क्षेत्र के एक लोकप्रिय चर्च को सोने का मुकुट भेंट करने की पेशकश भी की।
जूलॉजी में विज्ञान स्नातक और अंग्रेजी साहित्य में मास्टर ऑफ आर्ट्स की डिग्री
सुरेश गोपी का जन्म जून 1958 में अलप्पुझा, केरल में हुआ था। उनके पास जूलॉजी में विज्ञान स्नातक की डिग्री और अंग्रेजी साहित्य में मास्टर ऑफ आर्ट्स की डिग्री है। वह एक अभिनेता और पार्श्व गायक हैं, जो मुख्य रूप से मलयालम सिनेमा में काम करते हैं और कुछ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी फिल्मों में भी दिखाई दिए हैं। वह एक परोपकारी और सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं।
अभिनय में जीत चुके हैं राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार
1998 में, उन्होंने कलियाट्टम में अपने प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के लिए केरल राज्य फिल्म पुरस्कार जीता। अभिनय से विराम लेने से पहले माई गॉड (2015) उनकी आखिरी फिल्म थी। उन्होंने आखिरकार पांच साल के लंबे अंतराल के बाद 2020 में वराने अवश्यामुंड में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर मलयालम सिनेमा में वापसी की।
2019 में भी भाजपा की टिकट से लड़ा था चुनाव
अक्टूबर 2016 में, सुरेश आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल हो गए थे। 2019 में, उन्होंने केरल में त्रिशूर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार के रूप में 2019 के भारतीय आम चुनाव में चुनाव लड़ा थी। लेकिन वह कांग्रेस के उम्मीदवार टीएन प्रतापन से हार गए। मार्च 2024 में, उन्हें केरल में लोकसभा चुनाव के लिए त्रिशूर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार के रूप में घोषित किया गया।