MLC Elections 2022: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 13 सीटों पर चुनाव हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित नौ प्रत्याशियों की घोषणा की। इस बीच सपा ने भी 4 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। नौ जून तक नामांकन दाखिल होंगे जबकि 10 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस से सपा में आए इमरान मसूद को टिकट से वंचित कर दिया। समाजवादी पार्टी के गठबंधन सहयोगी एसबीएसपी अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को भी पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अरमानों पर पानी फेर दिया। राजभर अपने बेटे के लिए एक सीट मांग रहे थे।
13 जून नामांकन वापसी की आखिरी तारीख होगी। वहीं जरूरत पड़ी तो 20 जून को सुबह नौ से शाम चार बजे के बीच मतदान होगा। उसी दिन नतीजे घोषित किए जाएंगे। सपा प्रमुख अखिलेश यादव की उपस्थिति में सपा प्रत्याशी स्वामी प्रसाद मौर्य, जासमीर अंसारी, मुकुल यादव और शाहनवाज खान ने अपना नामांकन पत्र दाख़िल किया।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि मैं समाजवादी पार्टी के उन सभी उम्मीदवारों को बधाई देना चाहता हूं, जिन्होंने राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है। स्वामी प्रसाद मौर्य एक वरिष्ठ नेता हैं और हमें बहुत खुशी है कि वह सपा में हैं। वह उच्च सदन में किसानों और मजदूरों के मुद्दों को रखेंगे।
अखिलेश यादव ने आजम खान से नाराजगी दूर करने की कोशिश की। पहले तो रामपुर उपचुनाव में करीबी को टिकट दिया और अब विधान परिषद में भी ध्यान रखा। सहारनपुर के शाहनवाज खान को टिकट दिया जो आजम के करीबी हैं। कांग्रेस छोड़कर सपा में आएं जासमीर अंसारी को टिकट से नवाजा।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव: भाजपा ने मौर्य सहित नौ प्रत्याशियों की घोषणा की
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के लिए बुधवार को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित नौ प्रत्याशियों की घोषणा की। नयी दिल्ली स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय द्वारा जारी प्रत्याशियों की सूची में केशव प्रसाद मौर्य, चौधरी भूपेंद्र सिंह, दयाशंकर मिश्र दयालु, जेपीएस राठौर, नरेंद्र कश्यप, जसवंत सैनी, दानिश आजाद अंसारी, बनवारी लाल दोहरे और मुकेश शर्मा के नाम शामिल हैं। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और पंचायतीराज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह का विधान परिषद सदस्य का कार्यकाल छह जुलाई को समाप्त हो रहा है।
जबकि सहकारिता मंत्री राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर, पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप, आयुष राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर मिश्र दयालु, संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सैनी और अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी अभी किसी सदन के सदस्य नहीं हैं।
इसमें से उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य 2022 के विधानसभा चुनाव में कौशांबी की सिराथू विधानसभा सीट से चुनाव लड़े थे, लेकिन समाजवादी पार्टी की पल्लवी पटेल से चुनाव हार गये थे। सूची में शामिल मुकेश शर्मा भाजपा महानगर लखनऊ के अध्यक्ष हैं।