एमसीडी स्थायी समिति सीट चुनावः बीजेपी की सत्या शर्मा ने आम आदमी पार्टी की हेमा को 35 मतों से हराया, शर्मा को 130 और हेमा को मिले 95 वोट
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: June 3, 2025 21:33 IST2025-06-03T21:32:54+5:302025-06-03T21:33:39+5:30
MCD Standing Committee seat election: महापौर राजा इकबाल सिंह ने शर्मा को उनकी जीत पर बधाई दी और कहा कि उनका राजनीतिक अनुभव नगर निगम के कामकाज में सार्थक योगदान देगा।

file photo
नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी की नेता और गौतमपुरी से पार्षद सत्या शर्मा ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी की हेमा को 35 मतों के अंतर से हराकर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति की रिक्त सीट जीत ली। मंगलवार को एमसीडी की आम सभा की बैठक में यह चुनाव हुआ। कुल 227 वोट में से शर्मा को 130 वोट मिले, जबकि हेमा को 95 वोट मिले, जबकि दो वोट अवैध घोषित किए गए। महापौर राजा इकबाल सिंह ने शर्मा को उनकी जीत पर बधाई दी और कहा कि उनका राजनीतिक अनुभव नगर निगम के कामकाज में सार्थक योगदान देगा।
जैतपुर (वार्ड 184) की पार्षद हेमा की भी शानदार चुनाव लड़ने के लिए सराहना की। गौतमपुरी (वार्ड 226) का प्रतिनिधित्व करने वाली सत्या शर्मा अब स्थायी समिति में शामिल होंगी। स्थायी समिति एमसीडी की निर्णय लेने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, विशेष रूप से वित्तीय और नीतिगत मामलों में। एमसीडी के वित्त की देखरेख करने वाली समिति पिछले ढाई साल से पूरी तरह से क्रियाशील नहीं है।
भाजपा ने आंतरिक चुनाव में 12 में से आठ जोन में जीत हासिल की
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को आंतरिक चुनाव में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की 12 क्षेत्रीय (जोन) समितियों में से आठ पर जीत हासिल की और निगम की स्थायी समिति में भी निर्णायक जनादेश हासिल किया। भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) के एक-एक सदस्य 18 सदस्यीय स्थायी समिति के लिए चुने गए हैं, जिससे भाजपा सदस्यों की कुल संख्या 10 हो गई और उसे इस समिति में बहुमत मिल गया। यह समिति एमसीडी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था है।
आप की राफिया माहिर सिटी सदर-पहाड़गंज जोन से विजयी रहीं, जबकि भाजपा के जगमोहन महलावत दक्षिण जोन से विजयी हुए। एमसीडी में कुल 12 वार्ड समितियां हैं, जिनमें से आठ पर अब भाजपा का और चार पर आप का कब्जा है। निगम में भाजपा का अपना महापौर है।
यहां 12 जोनों में से भाजपा ने नजफगढ़, शाहदरा दक्षिण, शाहदरा उत्तर, दक्षिण जोन, केशव पुरम, सिविल लाइन, नरेला और मध्य में जीत हासिल की है। आप ने रोहिणी, करोल बाग, पश्चिम और सिटी एसपी जोन में जीत हासिल की है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, ‘‘दक्षिण दिल्ली समेत आठ जोनों में अध्यक्ष पद पर जीत, साथ ही स्थायी समिति के चुनावों में अतिरिक्त जीत और रोहिणी जोन में उपाध्यक्ष पद पर जीत, आप के नगर पार्षदों में पार्टी नेतृत्व के प्रति बढ़ते असंतोष को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।’’ आप ने कहा कि पार्टी से एक धड़े के अलग होने के बाद उसने चार जोन में जीत हासिल की।