Paris Olympics 2024: भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने कहा कि पेरिस ओलंपिक 2024 के समापन समारोह के दौरान मशहूर हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश और पेरिस में परचम लहराने वाली और दो मेडल विजेता और स्टार निशानेबाज मनु भाकर को भारतीय दल का ध्वजवाहक बनाया है। मनु ने पेरिस में देश के लिए दो कांस्य पदक जीतीं और श्रीजेश ने कांस्य पदक के साथ हॉकी से संन्यास ले लिया। आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने घोषणा पर प्रसन्नता व्यक्त की और शानदार अंतरराष्ट्रीय खेल करियर के लिए श्रीजेश की सराहना की।
उन्होंने कहा, "श्रीजेश ने दो दशकों से अधिक समय तक विशेष रूप से भारतीय हॉकी और सामान्य तौर पर भारतीय खेल की सराहनीय सेवा की है।" आईओए ने बयान में कहा, ‘‘भारतीय ओलंपिक संघ को यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि पेरिस ओलंपिक खेलों के समापन समारोह में पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर के साथ हॉकी गोलकीपर पीआर श्रीजेश संयुक्त ध्वजवाहक होंगे।’’
आईओए अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा कि श्रीजेश आईओए नेतृत्व की भावनात्मक और लोकप्रिय पसंद थे। श्रीजेश ने भारतीय हॉकी टीम को ओलंपिक खेलों में लगातार दूसरा कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। वह पहले ही घोषणा कर चुके थे कि पेरिस ओलंपिक के बाद वह संन्यास ले लेंगे।