महाराष्ट्र के नवी मुंबई के उरण में स्थित ऑयल एंड नेचुरल गैस कारपोरेशन (ओएनजीसी) प्लांट में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। इस घटना में तीन कर्मचारियों के घायल होने की खबर है। घायल कर्मचारियों को पास के अस्पताल में भर्ती किया गया है।
बताया जा रहा है आग नवी मुंबई में ओएनजीसी के कोल्ड स्टोरेज में लगी है। इस घटना की जानकारी मिलते ही कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची हैं। आग बुझाने की कोशिश की जा रही है। दमकल विभाग के अलावा ओएनजीसी की टीम भी आग बुझाने की कोशिश कर रही है। इसके अलावा टीवी रिपोर्ट्स की मानें तो घटना में पांच लोगों के मरने की आशंका है।
इस बीच ओएनजीसी ने भी ट्वीट कर जानकारी दी है कि नवी मुंबई के ओएनजीसी प्लांट में आग लग गई है। आग बुझाने की कोशिशें जारी हैं। इस घटना का ऑइस प्रोसेसिंग पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। गैस को हाजिरा प्लांट में डायवर्ट कर दिया गया है।
इससे पहले शनिवार को महाराष्ट्र के धुले जिले में एक रसायन कारखाने में गैस सिलेंडरों में हुए धमाके में 13 कर्मियों की मौत हो गई और 58 अन्य घायल हुए थे। अधिकारियों ने बताया था कि रुमिट केमसिंथ प्राइवेट लिमिटेड रसायन इकाई दवाइयां बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले रसायन का निर्माण करती है।
अधिकारी ने बताया, ‘‘प्रथम दृष्टया रसायन रिसाव के कारण आग लगी और आग सिलेंडरों तक पहुंच गई जिससे विस्फोट हुआ।’’ घायलों को धुले सिविल अस्पताल और शिरपुर कॉटेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है।