लोकमत पार्लियामेंट्री अवॉर्ड 2019 में इस बार उत्तर प्रदेश पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड 2019 (लोकसभा) से सम्मानित किया गया है। हालांकि तबीयत की वजह से मुलायम सिंह यादव अवॉर्ड लेने नहीं आ पाएं। मुलायम सिंह यादव की जगह इस अवॉर्ड को सपा सांसद जया बच्चन ने लिया है।
मुलायम सिंह यादव का एक लंबा राजनीतिक इतिहास रहा है। वह उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं और एक बार भारत के रक्षा मंत्री का पद संभाल चुके हैं। मुलायम सिंह यादव समाजवादी पार्टी के संस्थापक भी हैं। मुलायम सिंह यादव फिलहाल उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट से सांसद हैं।
मुलायम सिंह यादव के परिवार के बारे में कहा जाता है कि 30 लोग इस परिवार के ऐसे हैं, जो किसी न किसी रसूखदार राजनीतिक पद पर हैं। मुलायम सिंह यादव का जन्म 21 नवंबर 1939 को उत्तर प्रदेश के सैफई में हुआ था। चुनावी हलफनामे के अनुसार मुलायम सिंह यादव के पास बीए, बीटी और एमए की डिग्री है। इनके बेटे अखिलेश यादव 2012 से 2017 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे थे।
मुलायम सिंह यादव पहली बार 1967 में सांसद बने थे और 1989 में पहली बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनें। नवंबर 1990 में वीपी सिंह की सरकार गिरने के बाद मुलायम सिंह यादव ने चन्द्र शेखर के जनता दल का दामन थाम लिया और कांग्रेस के सपोर्ट से मुख्यमंत्री बने रहे। अप्रैल 1991 में कांग्रेस के सपोर्ट वापस लेने के बाद इनकी सरकार गिर गई। इसके बाद मुलायम सिंह यादव 1993 से 1995 और 2003 से 2007 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने।
जानें लोकमत पार्लियामेंट्री अवॉर्ड के बारे में
लोकमत मीडिया कंपनी/ ग्रुप हर साल एक पार्लियामेंट्री अवॉर्ड समारोह का आयोजन करवाता है। जिसका आयोजन पिछले कई सालों से किया जा रहा है। इस समारोह में लोकसभा और राज्यसभा सदस्यों को राज्यसभा और लोकसभा में अपना अनुकरणीय योगदान देने के लिए सम्मानित किया जाता है। ये समारोह लोकसभा और राज्यसभा के श्रेष्ठ मेंबर्स को सम्मानित करने की एक पहल की है जो उनके इस बेहतरीन योगदान के लिए एक सराहना का प्रयास है। लोकमत पार्लियामेंट्री अवॉर्ड में चार लोकसभा और चार राज्यसभा के सदस्यों को सम्मानित किया जाता है।