Lok Sabha Election Result 2024: देश की 543 लोकसभा सीटों के लिए मंगलवार सुबह से जारी मतगणना जारी है। चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती रुझानों से पता चलता है कि उत्तर प्रदेश की गाजीपुर लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अफजाल अंसारी 36 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। अफजाल दिवंगत बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी के बड़े भाई हैं। गाजीपुर लोकसभा सीट पर अफजाल का सामना बीजेपी के पारस नाथ राय से था।
पूरे उत्तर-प्रदेश में भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदान के रुझानों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को आश्चर्यजनक रूप से भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। साल 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने इस राज्य में अपना प्रभुत्व साबित किया था और कहा जाता है कि इसकी बदौलत ही वह केंद्र में भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने में सफल रही थी। राजनीतिक रूप से सबसे महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश में भाजपा और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली है।
कुल 543 सदस्यीय लोकसभा में उत्तर प्रदेश सर्वाधिक 80 सांसदों को भेजता है। सुबह 11.05 बजे तक निर्वाचन आयोग के आंकड़ों से पता चला कि भाजपा 35 सीटों पर और सपा 34 सीटों पर आगे हैं। विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन राज्य की 42 सीटों पर आगे है। भाजपा ने 2019 में राज्य में 62 सीटें जीती थीं और उसने सपा को महज पांच सीटों पर समेट दिया था।
हालांकि वोट शेयर के मामले में भाजपा सबसे आगे है। बीजेपी को अब तक 39.18 प्रतिशत वोट मिले हैं। इसके बाद कांग्रेस को 25.76 प्रतिशत वोट मिले हैं। अन्य दलों में बसपा को 1.89 प्रतिशत, सीपीआई एम को 1. 77 प्रतिशत, जेडीयू को 0.72 प्रतिशत, समाजवादी पार्टी को 3.80 प्रतिशत वोट मिला है।
बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 में कुल 8360 उम्मीदवार सियासी मैदान में थे। इसमें नरेंद्र मोदी, राजनाथ सिंह, राहुल गांधी, अमित शाह, ज्योतिरादित्य सिंधिया, शशि थरूर, शिवराज सिंह चौहान, अखिलेश यादव जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं।
कब-कब हुए मतदान?
पहला चरण: 19 अप्रैल 2024 (102 सीट)दूसरा चरण: 26 अप्रैल 2024 (89 सीट)तीसरा चरण: 7 मई 2024 (94 सीट)चौथा चरण: 13 मई 2024 (96 सीट)पांचवां चरण: 20 मई 2024 (49 सीट)छठा चरण: 25 मई 2024 (57 सीट)सातवां चरण: 1 जून (57 सीट)