कर्नाटक: भाजपा के बागी विधायक ने येदियुप्पा को मुख्यमंत्री पद से हटाने की मांग की

By भाषा | Published: July 5, 2021 08:35 PM2021-07-05T20:35:02+5:302021-07-05T20:35:02+5:30

Karnataka: Rebel BJP MLA demands Yeddyuppa's removal as Chief Minister | कर्नाटक: भाजपा के बागी विधायक ने येदियुप्पा को मुख्यमंत्री पद से हटाने की मांग की

कर्नाटक: भाजपा के बागी विधायक ने येदियुप्पा को मुख्यमंत्री पद से हटाने की मांग की

मैसूरु (कर्नाटक), पांच जुलाई भाजपा के बागी असंतुष्ट नेताओं ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी के बावजूद पार्टी और कर्नाटक सरकार को शर्मिंदा करना जारी रखा है। इसी कड़ी में सोमवार को भगवा पार्टी के वरिष्ठ विधायक बासनगौड़ा पाटिल यतनाल ने राज्य और पार्टी को बचाने के लिए मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा को पद से हटाने का अपना रुख दोहराया।

यतनाल ने कहा, ‘‘यदि पार्टी और राज्य को बचाना है तो (मुख्यमंत्री का) बदलाव होना चाहिए। ’’

स्वतंत्रता दिवस पर नये मुख्यमंत्री द्वारा राष्ट्र ध्वज फहराने का सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘आप 15 अगस्त तक क्यों जाना चाहते हैं? आप तब तक लूटने की अनुमति देना चाहते हैं? यदि यह जारी रहा तो प्रति दिन 100 करोड़ रुपये की लूटी जाएगी। ’’

उन्होंने इस बात का जिक्र किया कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन पर फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा।

विजयपुरा सिटी के विधायक ने कहा , ‘‘यह स्वाभाविक है कि उम्र, गंभीर आरोपों जैसे कारणों के चलते समय-समय पर बदलाव होते रहेंगे, जिस पर आलाकमान विचार कर रहा है और निश्चित तौर पर राज्य में जल्द ही अच्छी चीजें होंगी। ’’

यह पूछे जाने पर कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन के लिए उनकी लड़ाई कब तक चलेगी, उन्होंने कहा , ‘‘यह जल्द खत्म नहीं होगी। मैं समय बताने वाला कोई ज्योतिषी नहीं हूं...यदि कर्नाटक में पार्टी को बचाना है तो बदलाव करना होगा। ’’

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पार्टी में येदियुरप्पा के कई विकल्प हैं और उनके वीरशैव लिंगायत समुदाय के नेता होने जैसी कोई चीज नहीं है।

भाजपा विधायक ने कहा, ‘‘मौजूदा शासन इस तरह से काम कर रहा है कि लिंगायतों को अपना सिर झुकाना पड़ जाएगा। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ स्वामीजी, जिन्हें दक्षिणा मिला है, ने कहा है कि यदि उन्हें (येदियुरप्पा को) इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया जाता है तो पार्टी नष्ट हो जाएगी। कुछ मठ और स्वामीजी राजनीति में क्यों हैं? उन्हें समाज को सही रास्ता दिखाने का काम करने दीजिए....। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘मीडिया इस बात से अवगत है कि वे कौन हैं, वे सत्तारूढ़ दल और विपक्षी दलों, दोनों में हैं।’’

भाजपा विधायक ने दावा किया कि यह समझौता और समायोजन की राजनीति है जो राज्य में मौजूद है और विपक्षी पार्टियां निष्क्रिय है।

उन्होंने सवाल किया, ‘‘विपक्ष कहां है? वे क्या कर रहे हैं? ’’

उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि येदियुरप्पा और भाजपा में अन्य नेताओं को निशाना बनाने वाली टीम ने वाल्मीकि समुदाय से आने वाले श्रीरामुलू तथा रमेश जरकीहोली को ‘बलि का बकरा’ बनाया ।

गौरतलब है कि यतनाल खुल कर येदियुरप्पा को मुख्यमंत्री पद से हटाने की मांग कर रहे हैं, जबकि पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे।

यतनाल ने येदियुरप्पा और उनके परिवार के सदस्यों , खासतौर पर उनके बेटे विजयेंद्र पर भ्रष्टाचार और प्रशासन में दखलंदाजी करने का भी आरोप लगाया। विजयेंद्र प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Karnataka: Rebel BJP MLA demands Yeddyuppa's removal as Chief Minister

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे