लालू यादव को चारा घोटाला मामले में सजा सुनाने वाले जज ने 64 साल की उम्र में की शादी

By एस पी सिन्हा | Published: September 5, 2022 02:10 PM2022-09-05T14:10:10+5:302022-09-05T14:19:04+5:30

बहुचर्चित चारा घोटाला मामले में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को सजा सुनाने वाले जज शिवपाल सिंह ने 64 साल की उम्र में शादी की है। ये उनकी दूसरी शादी है। पहली पत्नी का देहांत करीब दो दशक पहले हो गया था।

Jharkhand, judge who sentenced Lalu Yadav in fodder scam case, gets married at the age of 64 | लालू यादव को चारा घोटाला मामले में सजा सुनाने वाले जज ने 64 साल की उम्र में की शादी

प्रतीकात्मक तस्वीर

Highlightsजज शिवपाल सिंह ने 64 साल की उम्र में 50 साल की अपनी प्रेमिका नूतन तिवारी से की शादी।नूतन तिवारी पेशे से वकील और भाजपा नेता भी हैं, गोड्डा कोर्ट में प्रैक्टिस करती हैं।जज शिवपाल सिंह की पहली पत्नी का दो दशक पहले हुआ था देहांत, नूतन तिवारी के पति की भी हो चुकी है मृत्यु।

रांची: प्रेम में सारे बंधन टूट जाते हैं। शायद यही कारण है कि बार और बेंच के बीच एक खास किस्म की दूरी को प्रेम के बंधन ने दूर करने में सफलता पाई है। दरअसल, बहुचर्चित चारा घोटाला मामले में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को सजा सुनाने वाले जज शिवपाल सिंह अचानक से सुर्खियों में आ गए हैं। शिवपाल सिंह ने 64 साल की उम्र में 50 साल की अपनी प्रेमिका नूतन तिवारी से शादी रचाई है। 

नूतन तिवारी पेशे से वकील हैं और गोड्डा कोर्ट में प्रैक्टिस करती हैं। दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों ने हिंदू रीति रिवाज से शादी की है। नूतन को झारखंड में तेजतर्रार भाजपा नेत्री के रूप में भी जाना जाता है।

गोड्डा कोर्ट परिसर में हुई थी मुलाकात

बताया जाता है कि नूतन से शिवपाल की नजदीकी उसी वक्त हुई जब शिवपाल सिंह सीबीआई की विशेष अदालत के जज थे। जज शिवपाल सिंह और वकील नूतन तिवारी की मुलाकात गोड्डा कोर्ट परिसर में ही हुई थी। दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी और फिर नजदीकियां कुछ इस कदर हो गयी कि जज साहब ने महिला वकील के साथ ही आगे की जिंदगी गुजारने का फैसला कर लिया। 

इस शादी के बाद जज शिवपाल सिंह और वकील नूतन तिवारी काफी खुश हैं। बता दें कि जज शिवपाल सिंह अपने करियर में कई महत्वपूर्ण फैसले सुना चुके हैं। जज शिवपाल सिंह ने इसे दो लोगों का निजी फैसला बताया है।

जज की पहली पत्नी का दो दशक पहले हुआ था देहांत

गोड्डा के एक वकील इस शादी के साक्षी बने हैं। उन्होंने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि जज शिवपाल सिंह की पत्नी का करीब दो दशक पहले देहांत हो गया था। जबकि गोड्डा की तेजतर्रार भाजपा नेत्री और बार एसोसिएशन की वरिष्ठ अधिवक्ता नूतन तिवारी के पति का भी कुछ साल पहले देहांत हो गया था। अच्छी बात यह है कि दोनों ने अपने परिवार की रजामंदी से ये शादी की है। जज शिवपाल सिंह के दो बेटे हैं और नूतन तिवारी का भी एक बेटा है। 

उल्लेखनीय है कि चारा घोटाला की सुनवाई के दौरान लालू यादव और जज शिवपाल सिंह के बीच कोर्ट में उस वक्त कई बातचीत सुर्खियां बनी थीं। दरअसल, लालू यादव ने जज शिवपाल सिंह से एक पेशी के दौरान कहा था कि जेल में बहुत ठंड लगती है। तब जज शिवपाल सिंह ने लालू यादव से कहा था कि अगर जेल में ठंड लगती है, तो तबला या हरमोनियम बजाएं और तनावमुक्त रहें।

Web Title: Jharkhand, judge who sentenced Lalu Yadav in fodder scam case, gets married at the age of 64

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे