भारत 10 करोड़ कोविड टीके लगाने के मामले में दुनिया में सबसे आगे रहा: स्वास्थ्य मंत्रालय
By भाषा | Published: April 10, 2021 08:40 PM2021-04-10T20:40:28+5:302021-04-10T20:40:28+5:30
नयी दिल्ली, 10 अप्रैल देश में 10 करोड़ से अधिक कोविड-19 टीके लगाए जाने के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि भारत ने 85 दिन में 10 करोड़ खुराक दी हैं, जो विश्व का सबसे तेज टीकाकरण अभियान है।
मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका को टीके की 10 करोड़ खुराक देने में 89 दिन लगे जबकि चीन को इस कार्य में 102 दिन लग गए।
उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर दी जा रही टीके की खुराक के मामले में भारत शीर्ष पर बना हुआ है। देश में प्रतिदिन औसतन 38,93,288 टीके लगाए जा रहे हैं।
मंत्रालय के मुताबिक, देश में अब तक किए गए टीकाकरण का 60.62 प्रतिशत आठ राज्यों में हुआ है जिनमें महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और केरल शामिल हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।