पटना: बिहार की राजधानी पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र स्थित बैरिया बस स्टैंड के पास एक होटल के कमरे से मंगलवार की सुबह जहानाबाद निवासी 30 वर्षीय संतोष शर्मा का शव बरामद किया गया। संतोष अपनी एक महिला मित्र चंचल कुमारी के साथ इस होटल में रुका हुआ था। होटल के कर्मचारियों को जब इस बात का पता चला, तो उन्होंने तुरंत मामले की जानकारी रामकृष्ण नगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक का शव कमरे में पंखे से चादर के सहारे लटका हुआ पाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मृतक की महिला मित्र को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
रामकृष्ण नगर थानाध्यक्ष के अनुसार, महिला मित्र ने बयान दिया है कि वह सो रही थी और उसे इस बात की जानकारी नहीं हो सकी कि संतोष कुमार ने कब फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने बताया कि जब उसकी नींद खुली तो संतोष कुमार फंदे से लटका हुआ था और उसकी मौत हो चुकी थी। पटना सदर डीएसपी-2 रंजन कुमार ने बताया कि युवक ने सोमवार शाम में अपनी महिला मित्र के साथ होटल में कमरा लिया था। देर रात उसकी संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। महिला मित्र आत्महत्या की बात कह रही है, जबकि मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने एफएसएल टीम को बुलाकर मौके से सबूत जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा।
फिलहाल पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, होटलकर्मियों का कहना है कि वह अक्सर इस होटल में अलग-अलग महिला मित्रों के सथ ठहरता था। पिछली रात भी वह कोलकाता की रहने वाली महिला मित्र के सथ ठहरा था। जांच के दौरान कमरे से यौन शक्ति बढ़ाने वाली दवाएं बरामद हुई हैं। हालांकि, मृतक के शरीर पर किसी तरह के चोट या संघर्ष के निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।