वियतनाम के राष्ट्रपति टो लाम पहुंचे, महाबोधि मंदिर में की पूजा अर्चना, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने गयाजी एयरपोर्ट पर किया स्वागत
By एस पी सिन्हा | Updated: May 5, 2026 19:29 IST2026-05-05T19:29:12+5:302026-05-05T19:29:12+5:30
वियतनाम के राष्ट्रपति तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं। इसी क्रम में वे बिहार पहुंचे है। बोधगया पहुंचने के बाद राष्ट्रपति टो लाम सीधे महाबोधि मंदिर गए। यहां मंदिर के सचिव डॉ. महाश्वेता महारथी ने पवित्र खादा पहनाकर उनका वेलकम किया।

वियतनाम के राष्ट्रपति टो लाम पहुंचे, महाबोधि मंदिर में की पूजा अर्चना, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने गयाजी एयरपोर्ट पर किया स्वागत
पटना: वियतनाम के राष्ट्रपति टो लाम मंगलवार को बिहार के गया पहुंचे, जहां बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गया जी एयरपोर्ट पर स्वागत किया। एयरपोर्ट पर पूरे प्रोटोकॉल के साथ राष्ट्रपति का अभिनंदन किया गया। वियतनाम के राष्ट्रपति तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं। इसी क्रम में वे बिहार पहुंचे है। बोधगया पहुंचने के बाद राष्ट्रपति टो लाम सीधे महाबोधि मंदिर गए। यहां मंदिर के सचिव डॉ. महाश्वेता महारथी ने पवित्र खादा पहनाकर उनका वेलकम किया। यहां उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में विधिवत पूजा-अर्चना की और भगवान बुद्ध के प्रति श्रद्धा व्यक्त की। उधर मंदिर परिसर में बौद्ध भिक्षुओं ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। उन्हें सम्मान स्वरूप दुपट्टा भेंट किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला। महाबोधि मंदिर में दर्शन के बाद राष्ट्रपति वियतनाम बौद्ध मॉनेस्ट्री भी पहुंचे। जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की।
बताया जा रहा है कि इस दौरे का उद्देश्य बौद्ध धर्म से जुड़े ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों के साथ संबंध मजबूत करना है। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए गया और बोधगया में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किया गया था। अपने तय कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति टो लाम बोधगया से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उनका यह दौरा भारत और वियतनाम के बीच सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। वियतनाम के राष्ट्रपति का यह दौरा न सिर्फ धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है बल्कि इससे भारत और वियतनाम के बीच दोस्ती और सहयोग के रिश्ते भी और मजबूत होंगे। गया और बोधगया में उनका स्वागत और कार्यक्रम इस रिश्ते की गहराई को दर्शाता है। बताया जाता है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू वियतनाम के राष्ट्रपति टो लाम के साथ बैठक करेंगी।
गुरुवार को राष्ट्रपति टो लाम मुंबई जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि पिछले महीने वियतनाम के राष्ट्रपति चुने जाने के बाद राष्ट्रपति टो लाम की भारत की यह पहली राजकीय यात्रा होगी। वियतनाम के राष्ट्रपति टो लाम के साथ एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल होगा, जिसमें वियतनाम सरकार के कई मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। साथ ही एक मजबूत व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी है। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति टो लाम के साथ द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं के साथ-साथ आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी व्यापक चर्चा करेंगे।