नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। पीएम ने कहा कि जो लोग भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, उन पर जब एजेंसियां कार्रवाई करती हैं तो एजेंसियों पर हमला किया जाता है। जब कोर्ट कोई फैसला सुनाता है तो कोर्ट पर सवाल उठाया जाता है। कुछ दलों ने मिलकर भ्रष्टाचारी बचाओ अभियान छेड़ा हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब भाजपा आती है तब भ्रष्टाचार भागता है। PMLA की तहत कांग्रेस की सरकार(2004-2014) में 5000 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गई। इसी एक्ट के तहत भाजपा ने पिछले 9 वर्षों में 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपए से अधिक संपत्ति जब्त की है।
सन 1984 में जो हुआ देश कभी उसे भूल नहीं सकता है उसके बाद जो चुनाव हुआ उसमें कांग्रेस को बहुमत मिला। लेकिन हम हताश नहीं हुए हमने फिर से जमीन पर काम किया और अपने संगठन को मजबूत किया तब जाकर आज हम यहां पहुंचे हैं। 2 लोकसभा सीटों के साथ शुरू हुआ सफर 2019 में 303 तक पहुंच गया। आज कई राज्यों में हमें 50% से ज्यादा वोट मिलते हैं।
BJP केवल चुनाव लड़ने और जीतने तक ही सीमित नहीं है बल्कि व्यवस्था है,BJP एक विचार है,BJP एक संगठन है,BJP एक आंदोलन है। बीजेपी बदलाव की भी प्राणशक्ति है। हमें भाजपा को एक ऐसी संस्था के रूप विकसित करना है जिसके पास अगले 10 साल-50 साल तक लक्ष्य निर्धारित हो। इसके लिए 3 बातें जरूरी है-अध्ययन, आधुनिकता और विश्वभर से अच्छी बातों को आत्मसात करने की शक्ति है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में कहा कि आज भाजपा केवल विश्व की सबसे बड़ी पार्टी ही नहीं है बल्कि भाजपा भारत के सबसे फ्यूचरिस्टिक पार्टी है। हमारा भविष्य के आधुनिक और विकसित भारत का निर्माण करने का लक्ष्य है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता समाप्त होने के मुद्दे पर सभी विपक्षी दलों के एक साथ आने के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को उनपर कड़ा प्रहार किया और कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त नेता एक साथ, एक मंच पर आ रहे हैं और कुछ दलों ने मिलकर ‘भ्रष्टाचारी’ बचाओ अभियान छेड़ा हुआ है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय कार्यालय के विस्तार का लोकार्पण करने के बाद अपने संबोधन में मोदी ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोग एजेंसियों और अदालतों पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन इनके झूठे आरोपों से ना देश झुकेगा और ना ही भ्रष्टाचार के विरूद्ध कार्रवाई थमने वाली है।
उन्होंने यह दावा भी किया कि पूरे विश्व में आज जब हिंदुस्तान का डंका बज रहा है, तो देश के भीतर और देश के बाहर बैठी ‘‘भारत विरोधी शक्तियों’’ का एकजुट होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा, ‘‘यह शक्तियां किसी भी तरह भारत से विकास का एक कालखंड छीन लेना चाहती हैं।’’ उन्होंने कहा कि आज भारत का सामर्थ्य अगर फिर बुलंदी की तरफ जा रहा है, तो इसके पीछे उसकी एक मजबूत नींव है, जो उसकी संवैधानिक संस्थाओं में है। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए आज भारत को रोकने के लिए हमारी इस नींव पर चोट की जा रही है।
संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार किया जा रहा है। उन्हें बदनाम करने का अभियान छेड़ा जा रहा है। उनकी विश्वसनीयता खत्म करने की साजिश की जा रही है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों पर जब एजेंसियां कार्यवाही करती हैं, तो एजेंसियों पर हमला किया जाता है और जब अदालत कोई फैसला सुनाती है, तो उस पर सवाल उठाए जाते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘न्यायिक प्रणाली पर हमले होते हैं। आप सब देख रहे हैं कुछ दलों ने मिलकर भ्रष्टाचारी बचाओ अभियान छेड़ा हुआ है। आज भ्रष्टाचार में लिप्त जितने भी चेहरे हैं, वह सब एक साथ, एक मंच पर आ रहे हैं।’’ मोदी ने कहा कि यह पूरा देश देख रहा है और समझ भी रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘भ्रष्टाचार ने हमारे देश का बहुत नुकसान किया है और उसे दीमक की तरह खोखला किया है।’’
उल्लेखनीय है कि संसद के बजट सत्र के दूसरे चरण में पहले दिन से ही दोनों सदनों में हंगामे के कारण गतिरोध की स्थिति बनी हुई है। कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के सदस्य अडाणी मुद्दे पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) बनाने की मांग कर रहे हैं।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को सूरत की एक अदालत द्वारा मानहानि के एक मामले में दोषी करार दिए जाने तथा दो साल के कारावास की सजा सुनाये जाने के बाद उन्हें निचले सदन की सदस्यता से अयोग्य करार दिये जाने के मद्देनजर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन और तेज हो गया है। कांग्रेस के इस प्रकार के प्रदर्शनों में उसे अन्य विपक्षी दलों का भी साथ मिला है।
मोदी ने कहा कि पहले की सरकारों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की, जबकि पिछले नौ सालों में भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जो अभियान चलाया, उसने आज भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों दोनों की जड़ें हिला दी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह इस बात का प्रमाण है कि जब भाजपा आती है, तो भ्रष्टाचार भागता है।’’
मोदी ने कहा कि धन-शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत 2004 से 2014 के बीच कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान 5,000 करोड़ रुपए के आसपास की संपत्ति जब्त की गई थी, जबकि इसी कानून के तहत पिछले नौ वर्षों में 1.10 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई, पहले के मुकाबले दोगुने से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं और 15 गुना ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान बैंकों को 22 हजार करोड़ रुपये का चूना लगाकर विदेश भागने वालों की करीब-करीब 20,000 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। उन्होंने कहा, ‘‘आजादी के 7 दशकों में पहली बार भ्रष्टाचार पर इस तरह की चोट हो रही है। पूरे देश की जनता आज भ्रष्टाचारियों पर हो रही कार्रवाई से खुश है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह जहां भी जाते हैं, लोग उनसे कहते हैं कि ‘‘मोदी जी रुकना मत’’। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई से ‘‘कुछ लोगों’’ की नाराजगी स्वाभाविक है। उन्होंने कहा, ‘‘वे अपना गुस्सा भी निकालेंगे, लेकिन इनके झूठे आरोपों से ना देश झुकेगा और ना ही भ्रष्टाचार के विरूद्ध कार्रवाई थमने वाली है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी लड़ाई आसान नहीं है। भाजपा को डगर-डगर पर भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद, संप्रदायवाद, जातिवाद, भारत विरोधी ताकतों और उनके इकोसिस्टम से लड़ना है।’’ उन्होंने कहा कि यही वे चुनौतियां हैं, जिन्होंने देश का बहुत बड़ा नुकसान किया है। उन्होंने कहा, ‘‘बहुत सौभाग्य से हमें आजादी के अमृत काल में राष्ट्र की सेवा करने का और राष्ट्र निर्माण का अवसर मिला है।’’