दिल्ली चुनाव में मतगणना जारी है। दिल्ली में लगातार तीसरी बार अरविंद केजरीवाल सरकार बनाने जा रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार दिल्ली में आप को 70 सीट में से 57 सीट पर बढ़त बना ली है। भाजपा ने 13 सीट पर बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस का खाता नहीं खुला है।
इस बीच सीएम अरविंद केजरीवाल पार्टी ऑफिस पहुंच गए हैं। पार्टी ऑफिस में वह अन्य नेताओं से चर्चा कर रहे हैं। वह हर प्रत्याशी की जीत-हार का आंकलन कर रहे हैं। आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में धमाकेदार जीत के बाद पार्टी ऑफिस पर जश्न का माहौल है। उन्होंने कहा कि आज हिंदुस्तान जीत गया।
दिल्ली विधानसभा चुनाव की मंगलवार को हो रही मतगणना के शुरुआती रुझानों में आप की निर्णायक जीत के स्पष्ट संकेत मिलने पर आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली के प्रचंड जनादेश ने साफ संदेश दिया है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आतंकवादी नहीं बल्कि पक्के देशभक्त हैं।
सिंह ने कहा कि दिल्ली की सत्ता हासिल करने के लिये भाजपा ने पूरी ताकत लगा दी लेकिन इस चुनावी जंग में ‘‘दिल्ली का बेटा’’ जीत गया। उल्लेखनीय है कि मतगणना के शुरुआती दस चरण के रुझानों के आधार पर आप 57 सीटों पर और भाजपा 13 सीट पर आगे चल रही है।
आम आदमी पार्टी के दफ्तर पर जीत का जश्न शुरू हो गया है। अभी पार्टी के नेता संजय सिंह सभा का संबोधित कर रहे हैं और भाजपा पर निशाना साधना जारी है। संजय सिंह ने कहा कि अमित शाह की सेना ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ पूरी ताकत लगाई, लेकिन दिल्ली के लोगों ने अपने बेटे केजरीवाल को बहुमत दिलवाया।
सिंह ने ट्वीटर पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये कहा, ‘‘दिल्ली के दो करोड़ परिवारों के लोगों ने बता दिया कि उनका बेटा अरविंद केजरीवाल आतंकवादी नही, पक्का देशभक्त है। प्रचंड बहुमत से जीत देने के लिये दिल्ली की महान जनता को सिर झुकाकर शत शत नमन।’’
उल्लेखनीय है कि भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने चुनाव प्रचार के दौरान एक रैली में केजरीवाल को शाहीनबाग में सीएए के विरोध में चल रहे आंदोलन का कथित तौर पर समर्थन करने का आरोप लगाते हुये उन्हें ‘आतंकवादी’ बता दिया था। इस बीच सिंह ने पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये कहा, ‘‘भाजपा ने चुनाव जीतने के लिये पूरी ताकत झोंक दी थी, लेकिन चुनाव में जीत मिली दिल्ली के बेटे को। दिल्ली वालों ने विकास के नाम पर वोट दिया।’’