लाइव न्यूज़ :

मध्य प्रदेश में कोविड-19 संकट प्रशासन की ‘आपराधिक लापरवाही’ : कमलनाथ

By भाषा | Updated: April 29, 2021 19:30 IST

Open in App

भोपाल, 29 अप्रैल मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बृहस्पतिवार को प्रदेश की भाजपा सरकार पर कोविड-19 का ठीक से प्रबंधन नहीं करने का आरोप लगाया और इसे प्रशासन की तरफ से की गई ‘आपराधिक लापरवाही’ करार दिया ।

कमलनाथ ने यहां संवाददाताओं से ऑनलाइन चर्चा करते हुए आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में मौत के आंकड़ों को दबाने और छिपाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे राज्य सरकार ने झूठा बताया है।

कमलनाथ ने दावा किया कि प्रदेश के अस्पतालों में इंजेक्शन, दवाई, ऑक्सीजन, एंबुलेंस, वेंटिलेटर एवं बिस्तर पर्याप्त मात्रा में नहीं हैं और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कह रहे हैं कि सब कुछ पर्याप्त है।

उन्होंने कहा कि इस सरकार द्वारा लोगों को गुमराह किया जा रहा है। सरकार पर मीडिया प्रबंधन करने का आरोप लगाते हुए कमलनाथ ने कहा कि यह महामारी ‘मीडिया एवं हेडलाइन’ में प्रबंधन करने से समाप्त नहीं होगी।

कमलनाथ ने कहा, ‘‘मध्य प्रदेश सरकार ने दूसरी लहर के लिए कोई प्रबंध नहीं किया। हमारे स्कूल-कॉलेज बंद हो गये, परीक्षायें निरस्त हो गयीं, लेकिन राजनीति चलती रही, रैली चलती रही।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आज ये हालात हैं कि प्रदेश में जिस संख्या में लोगों की (कोरोना से) मृत्यु हो रही है, उसको दबाने का और छिपाने का प्रयास किया जा रहा है।’’ उन्होंने सवाल किया कि श्मशान घाट एवं कब्रिस्तान में कितनी लाशें आ रही है और कितना छाप रहे हैं।

कमलनाथ ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘शिवराज सिंह जी मुझे पूरे प्रदेश में एक अस्पताल का नाम बता दें जहां इंजेक्शन, दवाई, ऑक्सीजन, एंबुलेंस, वेंटिलेटर एवं बिस्तर पर्याप्त मात्रा में हैं।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘और लापरवाही जो है ये एक आपराधिक लापरवाही है। मैं तो इसे आपराधिक लापरवाही कहता हूं।’’

कमलनाथ ने बताया कि मेरे (कांग्रेस) जिला अध्यक्षों ने कहा कि यह महामारी गांव-गांव में पहुंच रही है। लेकिन जांच नहीं कर रहे हैं और जहां यदि जांच हो भी रही है, तो सात दिन बाद रिपोर्ट आ रही है।

उन्होंने कहा कि मुझे प्रदेश के सभी लोगों की चिंता है कि अगले 10 दिन में क्या हालात होने वाले हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ये कह रहे हैं कि कांग्रेस वाले ऑक्सीजन एवं रेमडेसिविर लाएं। ये क्या मजाक है? आज कांग्रेस कार्यकर्ता समाजसेवक बनकर जनता के बीच में हैं।’’

कमलनाथ ने बताया,‘‘भाजपा के लोग तो अपना मुंह दिखाने लायक नहीं रहे। वे (भाजपा नेता) जनता के बीच नहीं जा सकते। जनता उनको मारने को दौड़ेगी। ये हालात हैं।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘अगर भाजपा के लोग कुछ कर रहे हैं तो जो रेमडेसिविर इंजेक्शन जिलों में जा रहा है, उसकी कालाबाजारी कर रहे हैं। एक मरीज से मुझसे कहा कि उसने दो रेमडेसिविर इंजेक्शन 40,000 रूपये में खरीदे हैं।’’

कमलनाथ ने कहा, ‘‘मैं (मुख्यमंत्री) शिवराज सिंह जी से प्रार्थना करता हूं कि वे हेलीकॉप्टर लें और जिले-जिले में जायें। जनता की बात सुनें और अपने नेताओं एवं अपने कार्यकर्ताओं की बात न सुनें। आधे घंटे के लिए हरेक जिले में जायें और जनता की बात सुनें, तब उनको सच्चाई समझ आ जाएगी। ये सच्चाई समझनी बहुत जरूरी है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लॉकडाउन की वजह से हमारा छोटा व्यापारी, मजदूर किसान एवं सब लोग त्रस्त हैं और ये आपराधिक लापरवाही के कारण हुआ है। ये तो हत्या है। मैं यही कहना चाहता हूं।’’

लोगों से कोविड-19 का टीका लगवाने की अपील करते हुए कमलनाथ ने कहा कि टीका लगवाना ही इसका जवाब है।

हालांकि, मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में कोविड-19 से हुई मौतों को छिपाया नहीं जा रहा है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटदिल्ली कैपिटल के समीर रिज़वी ने छीनी रोहित शर्मा से IPL 2026 की ऑरेंज कैप, एमआई के खिलाफ खेली 90 रनों की विनिंग पारी

भारतMadhya Pradesh: अनूपपुर ज़िले में चार-मंज़िला होटल गिरने से मलबे में कई लोगों के फँसे होने की आशंका, एक की मौत

ज़रा हटकेVIRAL: बुलडोजर पर सवार होकर पहुंची विधायक, वायरल हुआ अनोखा अंदाज

क्रिकेटDC vs MI: समीर रिज़वी की आक्रामक बल्लेबाजी से दिल्ली कैपिटल्स की दूसरी जीत, मुंबई इंडियन्स को 6 विकेट से हराया

क्राइम अलर्टबिहार में बेखौफ अपराधियों ने बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव के समधी के घर पर चलाई गोली, तीन लोगों को लगी गोली

भारत अधिक खबरें

भारततमिलनाडु चुनावों के लिए BJP का टिकट न मिलने के बाद अन्नामलाई ने दिया अपना स्पष्टीकरण

भारतलखनऊ सहित यूपी के 17 शहरों में कूड़े का अंबार?, मतदान करने असम गए हजारों सफाईकर्मी, 12 अप्रैल को लौंटेगे?

भारतबारामती विधानसभा सीटः सुनेत्रा पवार के खिलाफ प्रत्याशी ना उतारें?, सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा- निर्विरोध जिताएं, सभी दलों से की अपील

भारत'एकनाथ शिंदे और बलात्कार के आरोपी अशोक खरात के बीच 17 बार फोन पर बातचीत हुई', अंजलि दमानिया का आरोप

भारतमोथाबाड़ी में न्यायिक अधिकारी को किया अगवा और असली आरोपी फरार?, सीएम ममता बनर्जी ने कहा- निर्दोष लोगों को परेशान कर रही एनआईए