लाइव न्यूज़ :

कोरोना : पंजाब में रात का कर्फ्यू एक घंटा बढ़ाया गया; बार, सिनेमा, जिम बंद

By भाषा | Updated: April 19, 2021 21:37 IST

Open in App

चंडीगढ़, 19 अप्रैल कोरोना वायरस के मामलों में तेजी से वृद्धि के बीच पंजाब सरकार ने सोमवार को और सख्त प्रतिबंधों की घोषणा की जिनमें रात के कर्फ्यू का समय एक घंटे बढ़ाना और राज्य में बार, सिनेमा हॉल, जिम, स्पा, कोचिंग सेंटर तथा खेल परिसरों को 30 अप्रैल तक बंद करना शामिल है।

अधिकारियों ने बताया कि नए प्रतिबंध मंगलवार से लागू होंगे। उन्होंने बताया कि कर्फ्यू का समय अब रात आठ से सुबह पांच बजे तक होगा। पहले यह समय रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक था।

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने एक कोविड समीक्षा बैठक के बाद यहां कहा कि नए प्रतिबंधों में रविवार को सभी मॉल, दुकानों और बाजारों को बंद रखना भी शामिल है। नए प्रतिबंध पहले से लागू प्रतिबंधों के साथ 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेंगे।

उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिया कि वे इन प्रतिबंधों को सख्ती से लागू करें और जरूरत होने पर नागरिक संगठनों की मदद लें।

सभी साप्ताहिक बाजारों को भी बंद रखने का आदेश दिया गया है। इस दौरान रेस्तरां और होटल खुले रहेंगे लेकिन वहां से सिर्फ खाना घर ले जाने की अनुमति होगी।

एक सरकारी बयान के अनुसार शादियों और अंतिम संस्कार सहित विभिन्न मौकों पर 20 से अधिक लोगों के एकत्र होने पर भी रोक लगा दी गयी है। अंतिम संस्कार को छोड़कर किसी अन्य आयोजनों में 10 से अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने के लिए जिला प्रशासन की पूर्व स्वीकृति आवश्यक है।

निजी प्रयोगशालाओं द्वारा आरटी-पीसीआर और रैपिड एंटीजेन परीक्षणों की दरें घटाकर क्रमशः 450 रुपये और 300 रुपये कर दी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी आदेश दिया कि उड़ानों से पंजाब आने वाले लोगों के लिए आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट दिखाना जरूरी होगा जो 72 घंटे से पहले की नहीं हो। ऐसा नहीं होने पर उन्हें हवाई अड्डों पर ही जांच करानी होगी।

सिंह ने यह भी निर्देश दिया कि जिन लोगों ने बड़े धार्मिक, राजनैतिक या सामाजिक आयोजनों में भाग लिया है, उन्हें अनिवार्य रूप से पांच दिनों तक घरों में पृथकवास में रहना होगा और मौजूदा प्रोटोकॉल के अनुसार परीक्षण कराएं।

इसके साथ ही बसों, टैक्सियों और ऑटो-रिक्शा को भी यात्रियों की संख्या आधी रखने का आदेश दिया गया है।

सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ और पंचकूला की ही तरह मोहाली जिला बुधवार को राम नवमी के अवसर पर पूरी तरह से बंद रहेगा ताकि लोगों के एकत्र होने पर रोक लग सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश के सलाहकार से मोहाली में लॉकडाउन के लिए अनुरोध मिला है और इस संबंध में आवश्यक अधिसूचना जारी की जाएगी।

सिंह ने पंजाब में अन्य सभी जिलों के लोगों से भी अपील की कि वे त्योहारों के दौरान होने वाले समारोहों और बड़े कार्यक्रमों से बचें।

उन्होंने विभिन्न परीक्षाओं को भी स्थगित करने का आदेश दिया।

सरकारी और निजी अस्पतालों में बिस्तर की उपलब्धता के बारे में जानकारी देने के लिए हेल्पलाइन ‘104’ लगातार 24 घंटे काम करेगी।

स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिद्धू ने बैठक में बताया कि उपायुक्तों को आपातकालीन उपयोग के लिए एक एक करोड़ रुपये दिए गए हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्रिकेटGT vs RR: तुषार देशपांडे ने आखिरी ओवर में 11 रन बचाकर राजस्थान रॉयल्स को दिलाई IPL 2026 की लगातार दूसरी जीत

भारत'Three Allegations, Zero Truth': आम आदमी पार्टी द्वारा राज्यसभा की भूमिका से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा का जवाब

क्रिकेटवैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जयसवाल ने सहवाग-गंभीर के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ते हुए बनाया नया IPL रिकॉर्ड

क्रिकेटदिल्ली कैपिटल के समीर रिज़वी ने छीनी रोहित शर्मा से IPL 2026 की ऑरेंज कैप, एमआई के खिलाफ खेली 90 रनों की विनिंग पारी

भारतMadhya Pradesh: अनूपपुर ज़िले में चार-मंज़िला होटल गिरने से मलबे में कई लोगों के फँसे होने की आशंका, एक की मौत

भारत अधिक खबरें

भारततमिलनाडु चुनावों के लिए BJP का टिकट न मिलने के बाद अन्नामलाई ने दिया अपना स्पष्टीकरण

भारतलखनऊ सहित यूपी के 17 शहरों में कूड़े का अंबार?, मतदान करने असम गए हजारों सफाईकर्मी, 12 अप्रैल को लौंटेगे?

भारतबारामती विधानसभा सीटः सुनेत्रा पवार के खिलाफ प्रत्याशी ना उतारें?, सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा- निर्विरोध जिताएं, सभी दलों से की अपील

भारत'एकनाथ शिंदे और बलात्कार के आरोपी अशोक खरात के बीच 17 बार फोन पर बातचीत हुई', अंजलि दमानिया का आरोप

भारतमोथाबाड़ी में न्यायिक अधिकारी को किया अगवा और असली आरोपी फरार?, सीएम ममता बनर्जी ने कहा- निर्दोष लोगों को परेशान कर रही एनआईए