CM Nitish Delhi Visit: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को अचानक से दिल्ली जा रहे हैं। ऐसे में संभावना व्यक्त की जा रही है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सकते हैं। इस बैठक में वह केंद्रीय बजट 2024-25 में बिहार को मिली सौगातों के लिए पीएम मोदी का धन्यवाद करेंगे। मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे की वजह से 17 फरवरी को उनकी निर्धारित प्रगति यात्रा स्थगित कर दी गई है। इस बीच सियासी गलियारों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का यह दिल्ली दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पीएम मोदी से मुलाकात कर कई अन्य विकास योजनाओं और राजनीतिक मुद्दों पर भी बातचीत कर सकते हैं। उनके इस दौरे के कारण प्रगति यात्रा को टालना दर्शाता है कि यह मुलाकात उनके लिए कितनी महत्वपूर्ण है। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश दिल्ली में भाजपा के बड़े नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दिल्ली दौरे को लेकर राजनीतिक सूत्र बता रहे हैं कि मुख्यमंत्री वहां जाने के बाद एनडीए के बड़े नेताओं से मुलाकात करेंगे। सियासी गलियारे में चर्चा ये भी है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली बड़ी जीत के लिए आलाकमान को बधाई देंगे।
वहीं, 24 फरवरी को पीएम मोदी भी बिहार के दौरे पर आ रहे हैं। पीएम मोदी का भागलपुर में कार्यक्रम है। कहा जा रहा है कि बिहार में इस पर भी सियासी चर्चा तेज हो गई है। उल्लेखनीय है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में बिहार के लिए कई घोषणाएं की है।
बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव है। ऐसे में इन घोषणाओं को चुनाव के मद्देनजर काफी अहम माना जा रहा है। बिहार के लिए मखाना बोर्ड,नेशनल फूड टेक्नोलॉजी बोर्ड, आईआईटी पटना का विस्तार और ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की भी घोषणा की है।